फखर जमन ने ODI मैच में खेली विशाल पारी, तोड़ दिया सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड
नई दिल्ली
पाकिस्तान टीम के बल्लेबाज फखर जमन ने शनिवार की रात रावलपिंडी के मैदान पर वनडे इंटरनेशनल मैच में एक विशाल पारी खेली। न्यूजीलैंड के गेंदबाजों के खिलाफ बरसने वाले फखर ने भारतीय टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ दिया और उन्होंने रोहित शर्मा के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। फखर जमन के बल्ले से वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में तीसरी बार 180 या इससे ज्यादा की पारी निकली है। इस तरह उन्होंने सचिन तेंदुलकर और विव रिचर्ड्स जैसे दिग्गजों को पीछे छोड़ दिया है।
फखर जमन ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 337 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए 144 गेंदों में 17 चौके और 6 छक्कों की मदद से नाबाद 180 रनों की पारी खेली। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 125 का था। ODI क्रिकेट में फखर जमन की ये तीसरी 180 या इससे ज्यादा रनों की पारी थी। अब तक सचिन तेंदुलकर और विव रिचर्ड्स ने 2-2 बार ये कमाल किया था। इस तरह फखर इन दोनों दिग्गजों से आगे निकल गए हैं और उन्होंने मार्टिन गप्टिल और रोहित शर्मा की बराबरी कर ली है, जिन्होंने 3-3 बार ये कमाल किया है।
इतना ही नहीं, वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में 67 पारियों के बाद सबसे ज्यादा रन बनाने वालों की लिस्ट में वे दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। उनसे ज्यादा रन सिर्फ हाशिम अमला ने बनाए हैं। शनिवार को एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 3 हजार रन पूरे करने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में शामिल हुए फखर जमान ने 94.3 के स्ट्राइक रेट से 3082 रन पूरे किए हैं। गेंदों के मामले में फखर जमन सबसे तेज 3000 वनडे रन पूरे करने वाले बल्लेबाज हैं। पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम भी इतने कम मैचों में 3000 रन पूरे नहीं कर सके थे।

पाठको की राय