Saturday, October 24th, 2026

नकली जन्म मृत्यु प्रमाणपत्र बनाए जा रहे हैं फर्जी वेबसाइट से, सिरसा स्वास्थ्य विभाग ने दी एसपी को शिकायत

सिरसा
प्रदेश में ऐसा शातिर गिरोह सक्रिय है जो फर्जी वेबसाइट से जन्म मृत्यु प्रमाणपत्र बनाने का काम कर रहा है। इनमें से कई साइट्स सरकार के संज्ञान में आई है। शातिर ठगों ने केंद्र सरकार की जन्म मृत्यु प्रमाणपत्र संबंधित मूल साइट डब्ल्यूडब्लयूडब्लयू डाट सीआरएसओआरजीआइडाटजीओवीडाट इन की नकल करके बनाया गया है। सिरसा में इस तरह के दो मामले सामने आए हैं। फर्जी जन्म प्रमाणपत्र के मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग हरकत में आ गया है। इस संबंध में सिविल सर्जन, डिप्टी सिविल सर्जन व संबंधित स्वास्थ्य केंद्रों के रजिस्ट्रार के द्वारा पुलिस अधीक्षक को शिकायत दी गई है।

विभागीय जांच में सामने आया है कि कम पढ़े लिखे लोग ऐसे शातिर लोगों का शिकार बन जाते हैं जो 500-1000 रुपये लेकर फर्जी जन्म व म़ृत्यु प्रमाण पत्र बनाकर दे देते हैं। स्वास्थ्य विभाग ने इस संबंध में जिला समाज कल्याण विभाग व जन्म मृत्यु प्रमाणपत्रों का लाभ लेने संबंधित विभागों को सूचना दी है कि प्रमाणपत्रों की वेरिफिकेशन के बाद ही फार्म जमा करें।
स्वास्थ्य विभाग व सरकार की ओर से आमजन के लिए एडवाइजरी जारी की गई है कि वे अपने निकटतम सरल केंद्र में जाकर ही जन्म मृत्यु संबंधित प्रमाणपत्र बनवाएं। सरल हरियाणा डाटजीओवीडाट इन में लाग इन करके जन्म मृत्यु रजिस्ट्रेशन संबंधी विभिन्न सेवाएं प्राप्त करें। जिनमें जन्म और मृत्यु से संबंधित सारा रिकार्ड मौजूद रहता है। जन्म मृत्यु प्रमाणपत्रों पर दिए गए क्यूआर कोड से उसकी सत्यता अवश्य जांच लें कि वे सीआरएसओआरजीआइ डाट जीओवीडाट इन वेबसाइट से जारी हैं।

 

#Fake birth

Source : Agency

पाठको की राय