Tuesday, October 20th, 2026

दिल्ली में बढे Eye फ्लू के केस, यह सिम्पटम्स न करे इग्नोर

दिल्ली में पिछले एक हफ्ते से बारिश और बाढ़ का खतरा बना हुआ है। यमुना नदी में बढ़े जलस्तर ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। बेशक पिछले कुछ दिनों से बारिश थमी है लेकिन मौसम विभाग ने आगे भी बारिश होने की भविष्यवाणी की है। बारिश और बाढ़ से सिर्फ लोगों के घर तबाह नहीं हुए हैं बल्कि इसका सेहत पर भी गंभीर प्रभाव पड़ रहा है।

देश की राजधानी दिल्ली में बारिश के बाद आंखों से जुड़ी बीमारियों का खतरा बढ़ने लगा है। पिछले कुछ दिनों से दिल्ली में आई फ्लू (Eye Flu) का प्रकोप बढ़ा है। खासकर बच्चों में यह तेजी से फैल रहा है। इससे बच्चों की आंखों में इन्फेक्शन हो रहा है जिससे आंखों में लालपन, सूजन और गंभीर दर्द हो रहा है।

जनरल फिजिशियन डॉक्टर इला भट्ट के अनुसार, आई फ्लू को मेडिकल भाषा में पिंक आई (Pink Eye) या कंजंक्टिवाइटिस (Conjunctivitis) भी कहा जाता है। चलिए जानते हैं कि इसके लक्षण, बचाव और इलाज क्या है।

आई फ्लू इन्फेक्शन बना एपिडेमिक

राजधानी में जिस रफ्तार से आई फ्लू का संक्रमण फैल रहा है उसे एपिडेमिक कहा जा सकता है। इसका मतलब यह है कि एक ही समय में एक ही रोग से बड़ी संख्‍या में लोग पीड़ित हो रहे हैं। डॉक्टर ने बताया कि पिछले हफ्ते से उनके क्लिनिक में रोजाना औसतन 50 से 60 मामले आ रहे हैं।

आई फ्लू क्या है?

आई फ्लू को कंजंक्टिवाइटिस या पिंक आई भी कहा जाता है। यह आंखों के सफेद हिस्से में होने वाले संक्रमण है। बरसात के मौसम में यह बहुत आम है। इसके अधिकतर मामले सर्दी-खांसी वाले वायरस की वजह से बढ़ते हैं। कुछ मामलों में विशेषकर बच्चों में जीवाणु संक्रमण भी इसकी वजह हो सकती है।

आई फ्लू के लक्षण

डॉक्टर ने बताया कि आई फ्लू बहुत ज्यादा गंभीर नहीं होता है और आंख को कोई स्थायी नुकसान पहुंचाए बिना एक या दो सप्ताह के भीतर ठीक हो जाता है। हालांकि आपको इसके लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। इसके लक्षणों में शामिल हैं-

आंखों का लाल होना
आंखों में सफेद रंग का कीचड़ आना
आंखों से पानी बहना
आंखों में सूजन
आंखों में खुजली और दर्द होना

आई फ्लू होने पर क्या करें

डॉक्टर ने बताया कि यह संक्रमण एक आंख से शुरू होता है और जल्दी ही दूसरी आंख में भी फैल जाता है। कोई भी लक्षण दिखने पर आपको तुरंत डॉक्टर के पास जाना चाहिए। डॉक्टर आपको नीचे बताई सलाह दे सकता है

मोक्सीफ्लोक्सासिन आई ड्रॉप्स का इस्तेमाल करें
आंखों को गुनगुने पानी से क्लीन करें
आंखों को साफ करने के लिए साफ और सूती कपड़े का इस्तेमाल करें
लक्षण गंभीर होने पर तुरंत डॉक्टर के पास जाएं

आई फ्लू को फैलने से रोकने के लिए क्या करें

डॉक्टर ने बताया कि यह एक संक्रामक रोग है इसका मतलब यह है कि यह एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में तेजी से फैल सकता है इसलिए इसे रोकने के लिए कुछ बातों का विशेष ध्यान रखना जरूरी है, उदहारण के लिए

पीड़ित व्यक्ति काला चश्मा पहनकर रखे
टीवी या मोबाइल देखने से बचें
आंखों को बार-बार छूने से बचें
आंखों को साफ करने के लिए गंदे कपड़े का इस्तेमाल न करें
आंखों को छूने के बाद साबुन से हाथ धोना न भूलें
किसी से भी आई टू आई कांटेक्ट न बनाएं

 

Source : Agency

पाठको की राय