Tuesday, October 20th, 2026

सोलर प्लांट रूम में आग के बाद धमाके, मचा हड़कंप

अशोकनगर
अशोकनगर जिले की कलेक्ट्रेट में शुक्रवार की दोपहर धमाके होने से हड़कंप मच गया। रुक-रुककर करीब 10 मिनिट तक हुए धमाकों से कलेक्ट्रेट में भगदड़ मच गई और लोग जान बचाते हुए यहां वहां भागने लगे। घटना दोपहर करीब 3.15 मिनिट की है जब कलेक्ट्रेट में बने इलेक्ट्रिक रूम में अचानक धमाके होने लगे और आग लग गई। कर्मचारी व अधिकारी मूक दर्शक बने अपने जान बचाते हुए यहां वहां भागते नजर आए। बाद में जब बिजली सप्लाई बंद हुई तो धमाके बंद हुए और अधिकारी-कर्मचारियों ने राहत की सांस ली।

लोग कुछ समझ पाते उससे पहले ही इसमें धमाके हुए। इनकी आवाज तेज थी। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो चार से पांच ब्लास्ट तेज हुए, फिर छोटे-छोटे धमाके होते रहे। हालांकि यहां मौजूद कर्मचारी ने तत्काल इस आग पर पानी डालकर काबू पाया। फायर ब्रिगेड भी मौके पर पहुंच गईं, लेकिन उससे पहले ही आग बुझ चुकी थी। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के बाबू महेश कलोंदिया ने बताया कि हादसे के समय वह भी मौके पर ही उपस्थित थे। किसी तरह से उन्होंने अपनी जान बचाई।

यह बताई गई ब्लास्ट की वजह

बताया जाता है कि सोलर प्लांट कक्ष में हादसा शॉर्ट सर्किट के कारण हुआ। इससे कक्ष में लगे उपकरण खराब हो गए, परंतु गनीमत रही कि किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। उल्लेखनीय है कि कलेक्ट्रेट भवन में कई सरकारी दफ्तर चलते हैं। पुलिस अधीक्षक कार्यालय और कलेक्टर का दफ्तर भी इसी में है।

 

#रूम में आग

Source : Agency

पाठको की राय