Sunday, October 25th, 2026

जनता को समझाएं कि ममता के साथ नहीं है सीक्रेट अंडरस्टैंडिंग; पीएम मोदी को पूर्व गवर्नर की सलाह

नई दिल्ली
बंगाल की सीएम ममता बनर्जी आज दिल्ली में पीएम नरेंद्र मोदी से मुलाकात करने वाली हैं। गुरुवार को दिल्ली पहुंचीं ममता बनर्जी यहां रविवार तक रुकेंगी और कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगी। लेकिन पीएम मोदी से उनकी मुलाकात की काफी चर्चा है। इसकी वजह यह है कि ममता बनर्जी ऐसे वक्त में पीएम से मिलने जा रही हैं, जब उनकी सरकार में मंत्री रहे पार्थ चटर्जी ईडी की गिरफ्त में हैं। पार्थ की सहयोगी अर्पिता मुखर्जी के घर से 50 करोड़ रुपये से ज्यादा का कैश और बड़े पैमाने पर सोना बरामद हुआ है। इस बीच बंगाल भाजपा के सीनियर नेता रहे तथागत रॉय ने पीएम नरेंद्र मोदी को एक सलाह दी है।

तथागत रॉय ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी को सलाह दी है कि उन्हें जनता को यह समझाना चाहिए कि उनकी ममता बनर्जी से कोई सीक्रेट अंडरस्टैंडिंग नहीं है। भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ने ट्वीट किया, 'कोलकाता में सेटिंग को लेकर काफी चर्चाएं की जा रही हैं। इसका अर्थ यह लगाया जा रहा है कि पीएम मोदी और ममता बनर्जी के बीच सीक्रेट अंडरस्टैंडिंग है। ऐसा है तो क्या तृणमूल कांग्रेस के हत्यारे और चोर इसी तरह खुल्ला घूमेंगे। इसलिए कृपया हम लोगों को यह भरोसा दिलाएं कि ऐसी कोई सेटिंग नहीं है।' तथागत रॉय ने अपने ट्वीट में पीएम नरेंद्र मोदी और पीएमओ को टैग भी किया है।

इससे पहले बंगाल भाजपा के सीनियर नेता दिलीप घोष ने कहा था कि ममता बनर्जी इसलिए पीएम मोदी से मिलने वाली हैं कि लोगों को संदेश दे सकें कि उनकी सेटिंग हो गई है। घोष ने भी केंद्र सरकार को सलाह देते हुए कहा था, 'ममता बनर्जी इन मीटिंगों का इस्तेमाल यह संदेश देने के लिए कर रही हैं कि सेटिंग हो चुकी है। केंद्र सरकार को यह समझना चाहिए और उनके जाल में नहीं फंसना चाहिए।' इस पर टीएमसी के नेता सुखेंदु रॉय ने जवाब देते हुए कहा था कि भाजपा के लोग गलत आरोप लगा रहे हैं। कहा जा रहा है कि ममता बनर्जी ने पीएम मोदी से मीटिंग के दौरान जीएसटी समेत कई मसलों को उठाने की तैयारी की है।

 

 

#Explain

Source : Agency

पाठको की राय