Monday, October 19th, 2026

महंगे शराब ठेकों को रिन्यू कराने के गुणा-भाग में जुटे जिलों के आबकारी अधिकारी


ग्वालियर

प्रदेश की नए वित्तीय वर्ष 2023-24 की नवीन आबकारी नीति को शासन से मंजूरी मिलने के बाद ग्वालियर सहित सभी जिलों  का आबकारी अमला सक्रिय हो गया है। सरकारी की मंशा के अनुसार इस बार भी शराब ठेकों से ज्यादा राजस्व जुटाने पर पूरा फोकस है। जिलों की अधिकांश शराब दुकानों का रिन्यूवल (नवीनीकरण) कराने के लिए आबकारी अफसर गुणा-भाग में जुट गए हैं।

जानकारी के अनुसार ग्वालियर, भोपाल, इंदौर, जबलपुर, उज्जैन, रीवा, सागर सहित अन्य जिलों में जो सबसे महंगी शराब दुकानें हैं,उनको रिन्यू कराने पर आबकारी अफसरों का ज्यादा जोर है। ऐसी दुकानों के ठेकेदार लगातार घाटे का रोना रो रहे हैं। इसके चलते लाइसेंस फीस में 10 फीसदी वृद्धि के साथ दुकानें रिन्यू कराने में ठेकेदार फिलहाल आनाकानी कर रहे। ऐसे ठेकेदारों को आबकारी अमला मनाने में लग गया है। इनके अलावा भी जिलों की ज्यादातर  शराब दुकानों को नए साल के लिए रिन्यू कराने को लेकर आबकारी विभाग के मैदानी अमले ने मौजूदा ठेकेदारों के साथ बैठकें शुरू कर दी हैं। ठेकेदारों की जो समस्याएं हैं,उन्हें सुनकर निराकरण करने का भरोसा दे रहे हैं। सबसे बड़ी शिकायत ठेकेदारों की अवैध शराब बिक्री की है। कच्ची शराब की बिक्री होने से ठेकेदारों का नुकसान होता है। इस पर पूरी तरह से अंकुश लगाने का आबकारी अफसर ठोस आश्वासन दे रहे हैं। अवैध शराब बनाने वाले और बिक्री करने वाले तस्करों को दबोचने के लिए मुहिम भी जल्द चलाई जा सकती है।

 

Source : Agency

पाठको की राय