Thursday, October 22nd, 2026

आबकारी विभाग ने पकड़ी आदमपुर छावनी में देशी अवैध शराब फैक्ट्री

भोपाल

जिले में आला अधिकारियों के निर्देश पर आबकारी विभाग लगातार छापामार कार्रवाई कर रहा है। जिला आबकारी कंट्रोलर एचएस गोयल ने बताया कि सोमवार अलसुबह मुखबिर की सूचना पर आबकारी अमले ने रायसेन रोड स्थित आदमपुर छावनी पठार और उसके आसपास के क्षेत्रों में कार्रवाई की। यहां पर एक निजी स्कूल के पीछे अवैध देशी शराब बनाने वाली फैक्ट्री को पकड़ा है। हालांकि यहां पर किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। यहां से अमले को करीब 500 किलोग्राम महुआ लाहन और 30 लीटर देशी भट्टी शराब जब्त की गई है। इसकी कीमत करीब 50 हजार रुपए आंकी जा रही है।

गौरतलब है कि कलेक्टर अविनाश लवानिया के निर्देश पर अवैध शराब बनाने और बेचने वालों पर सख्ती जारी है। फिलहाल आबकारी अमले ने अवैध शराब फैक्ट्री को लेकर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की पड़ताल शुरू कर दी है।  उधर, राजगढ़ जा रहे दो ट्रक अवैध शराब के मामले में शासन ने गोदाम प्रभारी को हटा दिया है। गोदाम प्रभारी हुकुम सिंह भदौरिया को हटाकर उपायुक्त कार्यालय के आबकारी संभागीय उड़नदस्ते में भेजा गया है। इनके स्थान पर सहायक जिला आबकारी अधिकारी होशियार सिंह गोयल को प्रभारी विदेशी शराब गोदाम का चार्ज दिया गया है।

 

#अवैध शराब फैक्ट्री

Source : Agency

पाठको की राय