Saturday, October 24th, 2026

प्रदेश सरकार को है हर किसी की चिंता - मंत्री देवड़ा

भोपाल

वित्त, वाणिज्यिक-कर एवं कटनी जिले के प्रभारी मंत्री जगदीश देवड़ा वैक्सीनेशन महाअभियान-2 के अन्तर्गत आज जिले के सरस्वती स्कूल परिसर में वैक्सीन के दूसरे डोज के लिए वैक्सीनेशन सेंटर का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को हर वर्ग की चिंता है। उन्होंने कोरोना की तीसरी लहर से बचाने के लिये वैक्सीनेशन महाअभियान चलाया है। वे खुद भी अलग-अलग स्थानों पर जाकर वैक्सीनेशन के लिये लोगों को प्रेरित कर रहे हैं। देवड़ा ने कहा कि जब तक पूर्ण टीकाकरण न हो जाए तब तक यह सेवा कार्य जारी रहेगा। देवड़ा टीका लगवाने आये लोगों से कहा कि यह आपकी जिम्मेदारी है कि अपने परिवार एवं आसपास रहने वाले व्यक्ति को वैक्सीन के दोनों डोज लगवाएं।

मंत्री देवड़ा ने माधवनगर में झूलेलाल सेवा मंडल वैक्सीनेशन सेंटर में व्यवस्थाओं का जायजा लिया और सेवा मंडल के कार्यों की सराहना की। देवड़ा ने कहा कि प्रधानमंत्री ने कोरोना से होने वाले दुष्प्रभाव को समझा और पूरे देश में नि:शुल्क वैक्सीन उपलब्ध करवाई। मंत्री देवड़ा ने प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री चौहान का पूरे प्रदेश की जनता की तरफ से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने पूरे प्रदेश का अमला वैक्सीनेशन के काम में लगा कर महाअभियान चलाया जिससे सभी लोग कोरोना से सुरक्षित रह सकें। उन्होंने कहा कि कोरोना से बचाव का सुरक्षा कवच वैक्सीन ही है।

लकी ड्रॉ निकालकर दिये उपहार

प्रभारी मंत्री देवड़ा ने रीठी तहसील के जमुनिया ग्राम पंचायत टीकाकरण केन्द्र पहुँचकर सबसे पहले आये लोगों को लकी ड्रॉ के माध्यम से चुना और उन्हें उपहार दिया। देवड़ा 2 दिन से जिले में लगातार भ्रमण कर विभिन्न टीकाकरण केन्द्रों का निरीक्षण कर व्यवस्था पर सतत निगाह रखे हुए हैं। वे लोगों से संवाद कर टीकाकरण के लिये प्रेरित भी कर रहे हैं।

वैक्सीनेशन कराने पहुँचे दिव्यांग को पहनाया हार

प्रभारी मंत्री देवड़ा ने टीकाकरण केन्द्र में दिव्यांग गेंदालाल चक्रवर्ती का पुष्पहार पहनाकर स्वागत किया। उन्होंने वहाँ मौजूद लोगों के बीच चक्रवर्ती की सराहना करते हुए कहा कि सभी को उनसे टीकाकरण करवाने की प्रेरणा लेनी चाहिए। विधायक मुड़वारा संदीप जायसवाल, विधायक बहोरीबंद प्रणय पाण्डेय तथा जन-प्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

 

#प्रदेश सरकार को है हर

Source : Agency

पाठको की राय