Sunday, October 25th, 2026

इटावा: थाने के टॉयलेट में रखी मिली अम्बेडकर की मूर्ति, दारोगा समेत तीन पुलिसकर्मी सस्पेंड

बसरेहर(इटावा)
सोशल मीडिया पर रोजाना कोई न कोई वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद कार्रवाई भी लगातार की जा रही है, लेकिन इस बार जो वीडियो वायरल हुआ है उसने शहर ही नहीं पूरे पुलिस विभाग में बवाल मचा  दिया है। दरअसल वायरल वीडियो डॉक्टर भीमराव अंबेडकर की मूर्ति का है, जो इटावा जिले के चौबिया थाने के टॉयलेट में रखी मिली थी।  वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस अधिकारियों ने जांच कराकर एक दरोगा व दो सिपाहियों को सस्पेंड कर दिया है।

सोशल मीडिया पर गुरुवार की रात एक वीडियो वायरल हुआ था। वीडियो में डॉ भीमराव अंबेडकर की मूर्ति टॉयलेट के पास लेटी दिखाई दे रही है। इसके आगे के वीडियो में चौबिया थानाध्यक्ष का कमरा दिखाई दे रहा है। वीडियो एसएसपी जयप्रकाश सिंह ने देखा तो इसकी जांच एसपी ग्रामीण सत्यपाल सिंह को सौंपी। शुक्रवार की सुबह एसपी ग्रामीण की रिपोर्ट पर एसएसपी ने चौबिया थाने के दरोगा धर्मेंद्र शर्मा, सिपाही कुलदीप, सिपाही सचिन को सस्पेंड कर दिया।

एसएसपी ने बताया वीडियो वायरल हुआ है, इस मामले में प्रथम दृष्टया एक दरोगा व दो सिपाहियों की भूमिका संदिग्ध है। इनको सस्पेंड किया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है कि मूर्ति थाने में कहां से आई। सूत्र बताते हैं कि दो साल पहले बीना गांव में अंबेडकर की मूर्ति को लेकर विवाद हुआ था, तब मूर्ति थाने में रखवा ली गई था। लेकिन टॉयलेट में कैसे पहुंची ये रहस्य बना हुआ है।

 

#Etawah

Source : Agency

पाठको की राय