Sunday, October 25th, 2026

पर्यावरण मंत्री डंग ने गायत्री परिवार के साथ पौधा-रोपण में की सहभागिता

भोपाल
पर्यावरण मंत्री हरदीप सिंह डंग ने आज मंदसौर जिले की मल्हारगढ़ तहसील के गाँव कोल्वा में गायत्री परिवार द्वारा लगाए जा रहे 21 सौ पौधा-रोपण कार्यक्रम में भागीदारी की।  डंग ने लायंस क्लब के सहयोग से गायत्री परिवार द्वारा पर्यावरण संरक्षण के लिए किए जा रहे इस कार्य के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि आप लोगों के सहयोग से पर्यावरण संरक्षण एक आंदोलन का स्वरूप लेता जा रहा है।  मुंदडी से नाहरगढ़ रोड पर स्थित ग्राम कोल्वा के पहाड़ी पर यह 21 सौ पौधे भविष्य में पर्यावरण संरक्षण में अमूल्य योगदान देंगे।  मेरा निवेदन है कि पर्यावरण को जीवन-शैली का एक मूल आधार मानकर इसका संरक्षण  करें।

मंत्री डंग ने कहा कि आज जिला, प्रदेश और समग्र देश को पर्यावरण और जल-संरक्षण के महत्व को समझना बहुत आवश्यक है।  पर्यावरण संरक्षण  के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र  मोदी और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में लगातार कई महत्वपूर्ण योजनाएँ चलाकर सरकार पर्यावरण सुरक्षा को बढ़ावा देने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के नागरिकों से पर्यावरण के विषय में किसी भी प्रकार के सुझाव एवं सहयोग का स्वागत है।

 

#पर्यावरण मंत्री डंग

Source : Agency

पाठको की राय