Monday, October 19th, 2026

पर्यावरण मंत्री डंग द्वारा एप्को के एनवायरमेंट मैनेजमेंट कोर्स का शुभारंभ

बड़वानी
पर्यावरण मंत्री हरदीप सिंह डंग ने आज एप्को द्वारा संचालित पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन एनवायरमेंट मैनेजमेंट कोर्स के दसवें बैच का शुभारंभ किया। इस एक वर्षीय कोर्स में 2 सत्र आयोजित किये जाएंगे, जिसमें देश के विभिन्न प्रदेशों के 45 छात्र-छात्राओं ने प्रवेश लिया है। पीजीडीईएम पाठ्यक्रम एप्को द्वारा वर्ष 2010-11 संचालित किया जा रहा है। इसमें अभ्यर्थियों को पर्यावरण संरक्षण और जलवायु परिवर्तन से संबंधित विभिन्न विषयों में प्रशिक्षित किया जाता है।

मंत्री डंग ने इस अवसर पर पाठ्यक्रम पूर्ण कर चुके गत वर्ष के अभ्यर्थियों को प्रमाण-पत्र भी प्रदान किये। उन्होंने कहा वर्तमान परिदृश्य में पर्यावरण संरक्षण एवं जलवायु परिवर्तन विषय अति महत्वपूर्ण हो गया है। उन्होंने इसमें सहभागिता करने और अपने आस-पास के लोगों को संरक्षण के प्रति जागरूक करने का आव्हान किया। उन्होंने बड़वानी जिले में पथरीली पहाड़ी पर किये गये पौधरोपण का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र में सकारात्मक परिणाम मिलने लगे हैं जो भावी पीढ़ी के लिये अमूल्य सिद्ध होंगे। डंग ने कहा कि जलवायु परिवर्तन के कारण ही पड़ने लगी असामयिक बरसात, अधिक गर्मी और अधिक सर्दी इसका कृषि पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। कार्यक्रम का संचालन प्राचार्य ईआईईएस लोकेन्द्र ठक्कर द्वारा किया गया।

 

Source : Agency

पाठको की राय