Thursday, October 22nd, 2026

समय-सीमा में क्रियान्वयन हो सुनिश्चित नर्मदा जल उपयोग की परियोजनाओं का - राज्य मंत्री कुशवाह

भोपाल 


उद्यानिक एवं खाद्य प्र-संस्करण (स्वतंत्र प्रभार) और नर्मदा घाटी विकास राज्य मंत्री भारत सिंह कुशवाह ने कहा कि नर्मदा जल विकास न्यायाधिकरण द्वारा तय समय-सीमा में दिसम्बर 2024 तक नर्मदा जल उपयोग की सभी परियोजनाओं के क्रियान्वयन को सुनिश्चित करें। राज्य मंत्री कुशवाह आज नर्मदा घाटी विकास विभाग की विभागीय परामर्शदात्री समिति की बैठक को संबोधित कर रहे थे।

राज्य मंत्री कुशवाह ने कहा कि वर्तमान में निर्मित और निर्माणाधीन योजनाएँ 15.23 एमएएफ नर्मदा जल के लिये हैं। इनसे लगभग 17लाख हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई हो रही है। आगामी कार्य-योजना में आवंटित जल के शेष उपयोग की प्राधिकरण की 9 एवं जल संसाधन विभाग की 3 परियोजनाओं के लिये निविदा आमंत्रण की कार्यवाही की जा रही है। इससे आवंटित 18.25 एमएएफ नर्मदा जल का पूरा उपयोग सुनिश्चित होगा। नर्मदा घाटी विकास तथा जल संसाधन विभाग की योजनाओं से लगभग 38 लाख हेक्टेयर में सिंचाई होगी। बैठक में मध्यप्रदेश के हिस्से के 18.25 एमएएफ नर्मदा जल उपयोग की कार्ययोजना के संबंध में समिति सदस्यों द्वारा सुझाव दिये गये। विधायक नागेन्द्र सिंह, पी.सी. शर्मा, रवि रमेशचन्द्र जोशी, प्रताप ग्रेवाल, अपर मुख्य सचिव नर्मदा घाटी विकास आई.सी.पी. केशरी एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

 

#नर्मदा जल उपयोग की परियोजनाओं

Source : Agency

पाठको की राय