दो सितंबर से शुरू हो जाएगा नामांकन
गया
बिहार पंचायत चुनाव की तैयारियां जोरों पर हैं। इस बार गया जिले की 320 पंचायतों में ही दस चरणों में चुनाव होगा। प्रथम चरण के लिए 2 सितंबर से नामांकन शुरू होगा। जैसे-जैसे चुनाव होता जाएगा वैसे-वैसे वोटों की गिनती होगी। चुनाव के दो दिनों बाद मतों गिनती और परिणाम आएंगे। छह पद मुखिया, ग्राम पंचायत सदस्य, पंचायत समिति सदस्य, जिला पर्षद सदस्य, सरपंच और पंच के लिए मतदान कराए जाएंगे। कुल 9892 पदों के लिए जिले के 24 प्रखंडों में 4588 बूथों पर 25 लाख 28 हजार 450 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। प्रथम चरण का चुनाव 24 सितंबर को होगा। 8 दिसम्बर को अंतिम चरण चुनाव के लिए वोट डाले जाएंगे। कोविड-19 के गाइडलाइन के तहत चुनाव कराए जाएंगे। यह जानकारी डीएम अभिषेक सिंह ने दी।
डीएम ने कहा कि छह में से चार पद मुखिया, ग्राम पंचायत सदस्य, पंचायत समिति सदस्य, जिला पर्षद सदस्य के लिए चुनाव पहली बार ईवीएम से और दो पद सरपंच और पंच के बैलेट पेपर से होगा। इसके लिए प्रत्येक बूथ पर चार ईवीएम होंगे। बताया कि कुल 9892 पदों में से 320 मुखिया, 4379 पंचायत सदस्य, 448 पंसस, 46 जिला पर्षद सदस्य, 320 सरपंच और 4379 पंच के लिए मतदान होंगे। 320 पंचायत के लिए 320 सेक्टर पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई है। प्रत्थेक बूथ पर छह मतदान अधिकारी तैनात होंगे। प्रत्येक चरण में दो से तीन प्रखंडों में सभी सीटों मतदान होगा। मतगणना होकर रिजल्ट घोषित किया जाता रहेगा। प्रथम चरण के लिए नामांकन दो सितंबर से शुरू होगा। शस्त्रों का सत्यापन किया जाएगा। संवेदनशील बूथों को चिह्नित किया जा रहा है। डीएम ने संभावित उम्मीदवारों से अपील की है कि वे रिटर्निंग ऑफिसर से संपर्क कर नामांकन की प्रक्रिया समझ लें ताकि कोई गलती ना हो। शांतिपूर्ण व निष्पक्ष चुनाव की व्यवस्था की गई है। 24 अगस्त से आदर्श आचार संहिता लागू है। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों के साथ कोविड-19 के गाइडलाइन का पालन कराया जाएगा।

पाठको की राय