Wednesday, October 21st, 2026

आखिरी टेस्ट के लिए इंग्लैंड ने इस विकेटकीपर बल्लेबाज को अपनी टीम में शामिल किया

नई दिल्ली

इंग्‍लैंड एंड वेल्‍स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) ने ऑस्‍ट्रेलिया के साथ जारी पांच मैचों की एशेज सीरीज (Ashes Series) के आखिरी टेस्‍ट के लिए विकेटकीपर बल्‍लेबाज सैम बिलिंग्‍स (Sam Billings) को अपनी टीम में शामिल किया है। बिलिंग्स को होबार्ट में होने वाले पांचवें और अंतिम टेस्ट में विकेटकीपर जोस बटलर और जॉनी बेयरस्‍टो के कवर के रूप में टीम के साथ जोड़ा गया है। बटलर को सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर जारी चौथे टेस्‍ट के दूसरे दिन बाएं हाथ की उंगली में चोट लगी थी जबकि बेयरस्‍टो ने दर्द के साथ खेलते हुए शुक्रवार को नाबाद शतक बनाया था। बेयरस्टो को कप्तान और तेज गेंदबाज पैट कमिंस की गेंद पर अंगूठे पर लग गई थी।

ईसीबी ने कहा, 'इंग्‍लैंड के वेस्‍टइंडीज दौरे के लिए बिलिंग्‍स को शाम यूके के लिए उड़ान भरनी थी। लेकिन अब वो सिडनी में टीम से जुड़ेंगे। पीसीआर टेस्‍ट निगेटिव आने तक वे एकांतवास में रहेंगे और फिर उसके बाद ही टीम से जुड़ेंगे।' बिलिंग्‍स ने अबतक टेस्‍ट क्रिकेट में डेब्‍यू नहीं किया है। वो हाल में बिग बैश लीग (बीबीएल) में सिडनी थंडर के लिए खेले थे।

 

#आखिरी टेस्ट

Source : Agency

पाठको की राय