Friday, October 23rd, 2026

ENG vs IND: कोरोना की चपेट में आए रविचंद्रन अश्विन, टीम के साथ नहीं भर सके इंग्लैंड दौरे के लिए उड़ान

नई दिल्ली
इंग्लैंड के खिलाफ एकमात्र टेस्ट के लिए अधिकतर खिलाड़ी यूके पहुंच चुके हैं, मगर अनुभवी स्पिनर आर अश्विन कोविड-19 की चपेट में आने की वजह से अभी तक भारत में ही हैं। बीसीसीआई के एक सूत्र ने पीटीआई को इसकी जानकारी दी। दाएं हाथ का यह ऑफ स्पिनर अभी क्वारंटीन में है और रिपोर्ट के नेगेटिव आने के बाद ही इंग्लैंड के लिए उड़ान भर सकेगा।


बीसीसीआई के एक सूत्र ने नाम न छापने की शर्त पर पीटीआई को बताया "अश्विन भारतीय टीम के साथ यूके के लिए रवाना नहीं हुए क्योकि वह कोविड-19 टेस्ट में पॉजिटिव पाए गए थे। मगर उम्मीद है कि इंग्लैंड के खिलाफ 1 जुलाई से होने वाले टेस्ट मैच के पहले वो ठीक हो जाएंगे।" सूत्र ने इसी के साथ यह भी कहा कि इस महामारी की चपेट में आने की वजह से अश्विन लीसेस्टरशायर के खिलाफ अभ्यास मैच भी मिस कर सकते हैं। बता दें, भारत को रिशेड्यूल हुए टेस्ट मैच से पहले 24 जून से इस टीम के खिलाफ एक 4 दिवसीय अभ्यास मैच खेलना है।


अश्विन के अलावा टीम के बाकी खिलाड़ी यूके पहुंच चुके हैं और एकमात्र टेस्ट मैच के लिए जमकर पसीना बहा रहे हैं। बीसीसीआई ने हाल ही में अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर टीम इंडिया के नेट सेशन का वीडियो पोस्ट किया था जिसमें कप्तान रोहित शर्मा और शुभमन गिल बल्लेबाजी करते हुए दिखाई दे रहे थे। उम्मीद जताई जा रही है कि केएल राहुल के सीरीज से बाहर होने के बाद यही दोनों बल्लेबाज इंग्लैंड के खिलाफ ओपनिंग करते हुए दिखाई देंगे।

पहली बार विदेशी सरजमीं पर कप्तानी कर रहे रोहित शर्मा को जरूर केएल राहुल की कमी महसूस होगी। भारत को इस सीरीज में 2-1 से लीड दिलाने में इस जोड़ी का अहम रोल रहा था। चार टेस्ट में, रोहित ने 4 टेस्ट में 368 रन बनाए थे, जिसमें एक शतक और दो अर्द्धशतक शामिल थे, जबकि राहुल ने 315 रन बनाए, जिसमें एक शतक और एक अर्धशतक शामिल था।

 

 

#ENG vs IND

Source : Agency

पाठको की राय