CR पर सीनियर की टिप्पणी के मोहताज नहीं रहेंगे कर्मचारी, बदलाव के लिए दे सकेंगे आवेदन
भोपाल
सरकारी अधिकारी-कर्मचारी को गोपनीय चरित्रावली (सीआर) पर मतांकन (टिप्पणी) कराने के लिए वरिष्ठ अफसरों से गुहार नहीं लगाना पड़ेगी। वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा 31 दिसंबर से पहले सीआर पर मतांकन नहीं किया जाता है तो स्वमूल्यांकन (सेल्फ असिसमेंट) को अंतिम मानते हुए सीआर का मूल्यांकन किया जाएगा और यही पदोन्नति का आधार बनेगी।
सरकारी महकमों में कार्यरत अधिकारियों और कर्मचारियों की गोपनीय चरित्रावली के स्वमूल्यांकन से लेकर मतांकन तक के लिए राज्य सरकार ने समयसीमा के पालन में कड़ाई कर दी है। स्वमूल्यांकन पेश करने के बाद उनके प्रतिवेदक अधिकारी और स्वीकारकर्ता को दो माह और तथा समीक्षक के मतांकन करने के लिए एक माह कीअवधि तय की गई है। अक्सर मतांकन समय पर पेश न होने से आगे पदोन्नति बाधित होती है।
अधिकारियों-कर्मचारियों को गोपनीय चरित्रावली के लिए 31 जुलाई तक फार्म दिया जाएगा। स्वमूल्यांकन 31 अगस्त तक देना होगा। प्रतिवेदक अधिकारी गोपनीय प्रतिवेदन में मतांकन 30 सितंबर तक कर सकेंगे। समीक्षक अधिकारी 30 नवंबर तक मतांकन कर सकेंगे। स्वीकारकर्ता को गोपनीय प्रतिवेदन में मतांकन 31 दिसंबर तक करना होगा। स्वमूल्यांकन प्रस्तुत करने की तिथि में वृद्धि होने पर उतने दिनों की सभी स्तरों पर वृद्धि होगी लेकिन 31 दिसंबर अंतिम तिथि रहेगी।
संबंधित अधिकारी-कर्मचारी ने स्वमूल्यांकन समय पर दिया किंतु उस पर किसी भी स्तर से मतांकन 31 दिसंबर तक नहीं हो पाया है तो बाद में कोई टिप्पणी नहीं की जा सकेगी। ऐसी स्थ्तिि में इन स्तरों के मूल्यांकन को बाधित माना जाएगा और पदोन्नति समिति अधिकारी-कर्मचारी के समग्र अभिलेख और संबंधित वर्ष के स्वमूल्यांकन के आधार पर मूल्यांकन करेगी।
गोपनीय प्रतिवेदन पर संवर्ग नियंत्रक अधिकारी वार्षिक चरित्रावली पर मत अंकित कर शासकीय सेवक को एक माह के भीतर दिखाएगा। सीआर पर प्रतिवेदित अधिकारी के मतांकन से सहमत नहीं होंने पर अधिकारी-कर्मचारी श्रेणी उन्नयन के लिए आवेदन तथ्यों के साथ दे सकेगा। ऐसा नहीं करने पर सीआर अंतिम मानी जाएगी। ऐसे आवेदनों का निराकरण एक माक के भीतर करना होगा।
गोपनीय प्रतिवेदन समयावधि में नही लिखने वाले प्रतिवेदक, समीक्षक और स्वीकारकर्ता अधिकारी से विलंब के लिए उत्तरदायित्व का निर्धारण किया जाकर दोषी अधिकारी के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही करते हुए दोषी अधिकारी के गोपनीय प्रतिवेदन में इसका उल्लेख किया जाएगा।

पाठको की राय