Wednesday, October 21st, 2026

Elon Musk ने कर्मचारियों को दिया एक अरब Twitter यूजर्स का लक्ष्य

सेन फ्रांसिस्को
दुनिया के सबसे धनी व्यक्ति और 44 अरब डालर में ट्विटर को खरीदने जा रहे एलन मस्क पहली बार कंपनी के मालिक की तरह कर्मचारियों से रूबरू हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि वह दुनियाभर में ट्विटर के एक अरब यूजर्स बनाना चाहते हैं, जो वर्तमान यूजर्स का करीब चार गुना होंगे।

एलन मस्क ने बताई अपनी योजनाएं

सवाल-जवाब के करीब एक घंटे के सत्र में मस्क गुरुवार सुबह फोन के जरिए ट्विटर के करीब आठ हजार कर्मियों से रूबरू हुए। अप्रैल में ट्विटर को खरीदने पर सहमति व्यक्त करने के बाद मस्क ने पहली बार कंपनी के कर्मचारियों से बात की और अपनी योजनाओं के बारे में बताया। इस दौरान उन्होंने विकास, संभावित छंटनी, गुमनामी, चीनी ऐप्स, एलियन जीवन-रूपों का अस्तित्व और यहां तक कि ट्विटर की कास्मिक प्रकृति पर भी बात की।


लंबे समय तक चलने वाली सभ्यता में योगदान करे ट्विटर

मस्क ने कहा, 'मैं चाहता हूं कि ट्विटर एक बेहतर, लंबे समय तक चलने वाली सभ्यता में योगदान करे, जहां हम वास्तविकता की प्रकृति को बेहतर ढंग से समझें।' 50 वर्षीय मस्क ने आशा व्यक्त की कि ट्विटर मानवजाति को ब्रह्मांड की प्रकृति को बेहतर ढंग से समझने में मदद कर सकता है, जितना इसे समझना संभव है।

एलन मस्क के खिलाफ मुकदमा दर्ज

आपको बता दें कि हाल ही में एलन मस्क के खिलाफ करोड़ों का मुकदमा दर्ज किया गया है। दरअसल, न्यूयार्क के एक निवेशक ने Dogecoin (क्रिप्टोकरेंसी) में पैसा निवेश किया था, जिसके बाद उसकी पूंजी डूब गई। निवेशक ने आरोप लगाया है कि एलन मस्क ने Dogecoin क्रिप्टोकरंसी को प्रमोट किया था, जिसके बाद उसने क्रिप्टो में इन्वेस्ट किया था। अमेरिका के रहने वाले निवेशक का नाम केथ जॉनसन है, जिसने डॉगकॉइन में इन्वेस्ट करने के बाद अपनी अपनी सारी जमा-पूंजी गवां दीं, जिसके बाद न्यूयॉर्क कोर्ट में यह मामला दर्ज कराया।

 

#Elon Musk

Source : Agency

पाठको की राय