Friday, October 23rd, 2026

99 रन पर आउट होकर टूटा एलिस पेरी का दिल, इस अनचाही लिस्ट में दर्ज हुआ नाम

नई दिल्ली

पुरुषों के अलावा इस समय इंग्लैंड में महिलाओं के बीच भी एशेज मैच खेला जा रहा है। नॉर्टिंघम में जारी इस एकमात्र टेस्ट के पहले दिन ऑस्ट्रेलिया ने अपनी स्टार बैटर एलिस पेरी की जुझारू पारी के दम पर 7 विकेट के नुकसान पर 328 रन बोर्ड पर लगाए। हालांकि पेरी इस दौरान थोड़ी अनलकी जरूर रही क्योंकि वह अपने तीसरे टेस्ट शतक से मात्र एक रन से चूक गई। जी हां, एलिस पेर को 99 के निजी स्कोर पर लॉरेन फिलर ने आउट किया जो इस मैच में अपना टेस्ट डेब्यू कर रही है। पेरी इसी के साथ टेस्ट क्रिकेट में 99 रन पर आउट होने वाली चौथी महिला खिलाड़ी बन गई है।
 
पेरी से पहले महिला क्रिकेट में ऑस्ट्रेलिया की दो और इंग्लैंड के एक क्रिकेटर टेस्ट में 99 के निजी स्कोर पर आउट हुईं थी। इंग्लैंड की बेट्टी स्नोबॉल महिला टेस्ट क्रिकेट में 1 से से शतक से चूकने वाली पहली बैटर थी। वह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 1937 में 99 के निजी स्कोर पर आउट हुईं थी। उनके अलावा ऑस्ट्रेलिया की जिल केनारे 1984 में और जेस जोनासेन 2015 में 99 के स्कोर पर आउट हुईं थी।
 
2008 में टेस्ट डेब्यू करने वाली एलिस पेरी के लिए यह एतिहासिक मैच है। दरअसल, वह 10 एशेज सीरीज में हिस्सा लेने वाली पहली महिला प्लेयर बनी है। इस खास मुकाबले में उन्होंने 153 गेंदों का सामना करते हुए 15 चौकों की मदद से 99 रनों की यह पारी खेली।

बात मुकाबले की करें तो, ऑस्ट्रेलिया ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी थी। टीम की शुरुआत तो कुछ ठीक नहीं रही थी, मगर एलिस पेरी ने ताहलिया मैकग्रा के साथ तीसरे विकेट के लिए 119 रनों की साझेदारी कर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाने में मदद की।

 

 

#एलिस पेरी

Source : Agency

पाठको की राय