Wednesday, October 21st, 2026

चंड़ीगढ़ में बिजली की आपूर्ति सामान्य,कर्मचारियों ने वापस ली हड़ताल

चंडीगढ़

चंड़ीगढ़ में बिजली संकट अब दूर हो गई है। बिजली विभाग के कर्मचारियों ने तीन दिन बाद अपनी हड़ताल वापस ले ली है। हड़ताल की वजह से ठप पड़ी बिजली आपूर्ति अब सामान्य हो गई है। बिजली विभाग के निजीकरण के खिलाफ हड़ताल पर गए बिजली संघ ने अपनी हड़ताल वापस लेने का ऐलान किया है। चंड़ीगढ़ के अधिकांश इलाकों में बिजली की आपूर्ति सामान्य हो गई है।

इससे पहले बिजली कर्मचारियों के हड़ताल के कारण चंड़ीगढ़ में विद्युत आपूर्ति चरमरा गई थी। स्थिति से निपटने के लिए भारतीय सेना तक की मदद लेनी पड़ी थी। स्थिति को सामान्य करने के लिए सेना के जवान और बिजली विभाग के इंजीनियर जुटे हुए थे।

गौरतलब है कि चंडीगढ़ में बिजली विभाग के निजीकरण के खिलाफ कर्मचारियों के धरने पर बैठ गए। जिससे शहर में बिजली की सप्लाई ठप हो गई। बिजली सप्लाई ठप होने की वजह से शहर में पानी सप्लाई भी रूक गई। रविवार रात से ही लोगों के घरों में अंधेरा पसरा हुआ है। इस बीच बुधवार को चंडीगढ़ प्रशासन ने पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट को बुधवार रात 10 बजे तक शत-प्रतिशत बिजली बहाल करने का आश्वासन दिया था। अब बिजली संघ ने अपनी हड़ताल वापस ले ली है।

बताते चलें कि बिजली आपूर्ति बाधित रहने से परेशानी का सामना कर रहे स्थानीय लोगों ने नगर प्रशासन पर मूकदर्शक बने रहने का आरोप लगाया था। पंजाब के आनंदपुर साहिब से कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने मामले में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से हस्तक्षेप करने की मांग करते हुए कहा था कि चंडीगढ़ में अव्यवस्था एवं अराजकता जैसी स्थिति है और सभी आवश्यक सेवाएं ठप्प हो गई हैं।

 

#Electricity supply

Source : Agency

पाठको की राय