Thursday, October 22nd, 2026

आज से थम जाएगा चुनाव प्रचार, शनिवार सुबह 7 बजे से मतदान

भोपाल

मध्य प्रदेश में 1 लोकसभा और 3 विधानसभा सीट पर उपचुनाव को लेकर बुधवार को चुनाव आयोग ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। सभी सीटों पर बुधवार शाम चुनाव प्रचार थम जाएगा। मध्यप्रदेश चुनाव आयोग के अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी राजेश कुमार कौल ने बताया कि सभी मतदान केन्द्रों पर कोविड प्रोटोकॉल का पालन किया जाएगा। चारों सीटों पर शनिवार सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा।

इसके लिए चारों सीटों पर कुल 3944 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। जहां पर 26 लाख 50 हजार मतदाता मत का उपयोग करेंगे। प्रचार खत्म होने के बाद बाहरी व्यक्ति को निर्वाचन क्षेत्र में प्रवेश नहीं मिलेगा। अगले 72 घंटे सोशल मीडिया पर चुनाव आयोग नजर रखेगा।

आयोग के मुताबिक सबसे ज्यादा खंडवा लोकसभा सीट पर 2908 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। यहां 16 से ज्यादा उम्मीदवार मैदान में हैं। 804 संवदेनशील बूथ बनाए गए हैं। इन पर माइक्रो ऑब्जर्वर रहेंगे। मतदान केन्द्रों की सीसीटीवी से निगरानी की जाएगी। कुल 26 हजार 800 कर्मचारी ड्यूटी पर तैनात होंगे। इसमें 53 कंपनियों के 16 हजार पुलिस बल लगा है।

6.88 करोड़ रुपए की सामग्री जब्त
आयोग की तरफ से बताया किया कि उप निर्वाचन क्षेत्र में अब तक 6.88 करोड़ रुपए का सामान और नगदी जब्त की गई। इसमें 4.16 करोड़ रुपए नकद, 1.82 करोड़ रुपए कीमत के शराब एवं अन्य मादक पदार्थ जब्त किया गया।

110 शिकायत मिलीं
आयोग की तरफ से बताया कि उनकों दोनों राजनीतिक पार्टियों की तरफ से 110 शिकायत मिली हैं। इसमें तीन साल से ज्यादा से समय से तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को हटाया गया है। बता दें कि खण्डवा लोकसभा सीट और निवाड़ी जिले की पृथ्वीपुर, आलीराजपुर की जोबट और सतना जिले की रैगांव विधानसभा सीट पर उपचुनाव है। यहां 30 अक्टूबर को मतदान होगा। 2 नवंबर को मतगणना होगी।

 

Source : Agency

पाठको की राय