Thursday, October 22nd, 2026

एकनाथ शिंदे बोले- जय-वीरू की तरह हमारी दोस्ती, देवेंद्र फडणवीस ने भी लगाई मुहर

मुंबई

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि हमारी जोड़ी जय-वीरू की तरह है। यह फेविकोल की जोड़ की तरह अटूट है। आपको बता दें कि शिंदे टीम ने एक रिपोर्ट शेयर किया था, जिसमें फडणवीस की लोकप्रियता सीएम से कम थी। कहा जाता है कि इस रिपोर्ट के बाद दोनों खेमे में दूरी बढ़ गई थी। हालांकि, अगले ही दिन रिपोर्ट का संसोधित हिस्सा जारी किया गया।

फडणवीस और शिंदे ने 'शासन आपल्या दारी' (आपके द्वार पर सरकार) कार्यक्रम के तहत पालघर पहुंचे थे। इससे पहले बुधवार को मुख्यमंत्री के सार्वजनिक कार्यक्रम में फडणवीस शामिल नहीं हुए थे। इसके बाद से दोनों नेताओं के बीच मनमुटाव की बात सामने आने लगी थी। हालांकि, फडणवीस ने कहा कि डॉक्टरों ने हवाई यात्रा से बचने की सलाह दी थी, इसके कारण वह कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए थे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए फडणवीस ने कहा, ''जब हमारा हेलीकॉप्टर पालघर में उतरा तो एक मीडियाकर्मी ने मुझसे साथ यात्रा करने के बारे में पूछा। मैंने कहा कि हम 25 साल से साथ हैं और पिछले एक साल में हमारा बंधन और भी मजबूत हुआ है। हम कल भी साथ थे, आज भी साथ हैं और कल भी साथ रहेंगे। आपको चिंता करने की जरूरत नहीं है।"

उन्होंने आगे कहा कि वे सत्ता या पद के लिए नहीं बल्कि राज्य के सामाजिक-आर्थिक स्थिति में परिवर्तन लाने और सभी की भलाई के लिए काम करने के लिए एक साथ आए हैं। फडणवीस ने कहा, ''इसीलिए मुझे लगता है कि हमारी सरकार को किसी विज्ञापन या किसी के द्वारा दिए गए बयान से कोई नुकसान नहीं होने वाला है। हम तब तक साथ रहेंगे जब तक हम लोगों के जीवन को बेहतर बनाने के अपने एजेंडे को पूरा करते हैं।''

अब शिंदे की बारी थी। उन्होंने कहा, ''हमारी दोस्ती बहुत पुरानी है। मान लीजिए 15-20 साल पुरानी। ये फेविकोल का जोड़ है, टूटेगा नहीं। कोई कहता है हम भाई हैं, कोई कहता है हम जय-वीरू और धरम-वीर जैसे हैं। मैं कहता हूं कि हमारी जोड़ी भगवा गठबंधन की उपज है।'' मुख्यमंत्री ने कहा कि हम दोनों स्वार्थी नहीं हैं।

 

 

#एकनाथ शिंदे

Source : Agency

पाठको की राय