Monday, October 19th, 2026

शहर में पारम्परिक हर्षोल्लास से मनाया गया ईद उल फितर का त्यौहार

देवास
शहर में ईद उल फितर (मीठी ईद) का त्यौहार पारंपरिक हर्षोल्लास एवं शांति, भाईचारे के साथ मनाया गया। रियासत कालीन शाही ईदगाह एवं शुक्रवारिया हाट  के समीप स्थित ईदगाह मस्जिद में ईद की नमाज अदा की गयी, खुरबा पढ़ा गया। राधागंज स्थित शाही ईदगाह में सीनियर शहर काजी मौलाना इरफान अहमद अशरफी ने प्रात: 10-30 बजे नमाज अदा करवाई। वहीं ईदगाह मस्जिद में काजी अबुल कलाम ने ईद की नमाज अदा करवाई। सीनियर शहर काजी मौलाना इरफान अहमद अशरफी ने कहा कि ईद खुशी का नाम है और खुशी की कोई कैद नहीं होती। वह चाहे समाज की खुशी हो या देश की खुशी। श्री अशरफी ने सभी की खुशी, मुल्क की तरक्की एवं अमन चैन की कामना की।

नमाज के बाद मुस्लिम धर्मावलंबियों ने एक दुसरे को गले लगकर ईद उल फितर की मुबारकबाद पेश की। नवीन वस्त्र पहने हुए छोटे छोटे बच्चो ने भी गले लगकर एक दुसरे को ईद की मुबारकबाद दी। शहर कांग्रेस अध्यक्ष मनोज राजानी एवं नगर निगम सभापति अंसार एहमद हाथीवाले ने शहरवासियों को ईद की मुबारकबाद देते हुए प्रेम, भाईचारे का संदेश दिया। शाही ईदगाह पर एसडीएम प्रदीप सोनी, सीएसपी विवेक सिंह चौहान, डीएसपी किरण शर्मा ने भी मुस्लिम समाज जनों को ईद की मुबारक बाद दी।  इस अवसर पर शांति सुरक्षा की दृष्टि से भारी पुलिस बल तैनात रहा। ईद की नमाज के पश्चात मुस्लिम परिवारों में दिनभर सिवईया का दौर चलता रहा। जिले में भी ईद उल फितर का त्यौहार शांति एवं उल्लास के साथ मनाया गया।

 

#Eid ul Fitr

Source : Agency

पाठको की राय