Sunday, October 25th, 2026

eFIR: रिपोर्ट दर्ज कराने थाने के चक्कर काटने से मिलेगी मुक्ति

भोपाल
प्रदेश में 15 लाख तक के वाहन चोरी और एक लाख रुपए तक की चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए लोगों को अब थाने के चक्कर नहीं लगाना पड़ेंगे। वे आॅन लाइन ही अपनी एफआइआर दर्ज करा सकेंगे। इसके लिए प्रदेश भर में आज से ई एफआईआर का ट्रायल रन  शुरू किया जा रहा है। यदि यह प्रयोग सफल हुआ तो एक महीने के बाद इस व्यवस्था को पूरी तरह से लागू कर दिया जाएगा।

प्रदेश में ई एफआईआर व्यवस्था शुरू करवाने के लिए एससीआरबी लंबे समय से प्रयास कर रही थी। एससीआरबी ने इसके लिए सॉफ्टवेयर तैयार कर लिया है। इस सॉफ्टवेयर से कई एजेंसी को जोड़ा गया है। इसकी तैयारियों को लेकर पिछले तीन दिन से पुलिस मुख्यालय स्तर पर लगातार समीक्षा की जा रही थी और इसे आज से लागू कर दिया गया है। जिसमें किसी व्यक्ति की 15 लाख रुपए तक का वाहन चोरी जाता है तो वह अपनी एफआईआर आॅन लाइन दर्ज करा सकेंगे। वहीं एक लाख रुपए तक की चोरी की भी एफआईआर दर्ज हो जाएगी, हालांकि इसमें दो शर्त रखी गई है। यदि आरोपी अज्ञात है तो ई एफआरआई दर्ज होगी, वहीं घटना में बल प्रयोग नहीं हुआ तो भी ई एफआईआर हो सकेगी।  प्रदेश के सभी जिलों में यह व्यवस्था आज से बतौर ट्रायल शुरू हो रही है।

इस पर कोई भी व्यक्ति तीन माध्यम से अपनी ई एफआईआर दर्ज करा सकेंगे। सिटीजन पोर्टल, एमपी पुलिस एप और मध्य प्रदेश पुलिस की आॅफिशियल वेबसाइट पर जाकर ई एफआईआर दर्ज कराई जा सकेगी। तीनों पर ई एफआईआर नाम से एक आॅप्शन जोड़ दिया गया है।

 

ट्रायल रन आज से शुरू किया जा रहा है। ट्रायल रन के दौरान हम देखेंगे कि इसमें कोई कमी या अन्य दिक्कत तो नहीं आ रही, यदि ऐसा कुछ सामने आया तो उन्हें जल्द दूर किया जाएगा। इसके बाद इसे पूरी तरह से लागू कर दिया जाएगा।
चंचल शेखर, एडीजी एससीआरबी

 

#eFIR

Source : Agency

पाठको की राय