गर्मियों का मौसम खूब खाओ आम
गर्मियों का मौसम चालू है और बाजारों में ताजे-ताजे आम देखकर किसका मन नहीं ललचाता होगा। अरे भाई! आम फलों का राजा सिर्फ स्वाद के कारण ही नहीं है। बल्कि इसमें हमारी सेहत के लिए कई सारे फायदे भी छिपे हुए हैं। ऐसे ही नहीं कहा जाता कि "आम के आम गुठलियों के भी दाम"। तो आइए बिना देर किए जानते हैं आम से हमें कितने स्वास्थ्य संबंधी फायदे प्राप्त हो सकते हैं।
मजबूत इम्यून सिस्टम- आम आपके शरीर के इम्यून सिस्टम (रोग प्रतिरोधक क्षमता) के लिए काफी फायदेमंद होता है। इससे आपके शरीर को कई रोग व संक्रमण से लड़ने में मदद मिलती है। इसमें मौजूद विटामिन ए की प्रचुर मात्रा इम्यून सिस्टम के लिए टॉनिक का कार्य करता है। वहीं, इसमें मौजूद विटामिन के, विटामिन ई और विभिन्न प्रकार के विटामिन बी भी रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाते हैं।
स्वस्थ दिल- आम में मौजूद मैग्नीशियम और पौटेशियम शरीर की रक्त धमनियों को शांत रखते हुए दिल की धड़कन और ब्लड प्रेशर को संतुलित रखने में मदद करता है। इसमें मैंगिफेरिन नामक एंटीऑक्सीडेंट दिल की कोशिकाओं को सूजन व ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस से बचाने में मदद कर सकता है।
पाचन तंत्र- आम में काफी मात्रा में डाइटरी फाइबर मौजूद होता है, जो कब्ज व डायरिया जैसी पाचन संबंधी समस्याओं से राहत दिला सकता है। इसलिए कब्ज से परेशान लोगों के लिए आम का सेवन फायदेमंद हो सकता है।
स्वस्थ त्वचा और बाल- आम के सेवन से विटामिन सी की भरपूर मात्रा प्राप्त हो सकती है। विटामिन सी शरीर में कोलेजन नामक प्रोटीन बनाने के लिए जरूरी है। इससे बालों और त्वचा का स्वास्थ्य सुधर सकता है और आपको झुर्रियों व रूखे बालों से निजात मिल सकती है।
स्वस्थ आंख- आम की मदद से शरीर को विटामिन ए मिल सकता है। जो कि आंखों के स्वास्थ्य के लिए काफी महत्वपूर्ण है। विटामिन ए की कमी रूखी आंखें व रात को कम दिखने जैसी समस्या का कारण बन सकती है। वहीं, इसका एंटीऑक्सीडेंट ल्युटीन व अन्य तत्व आंखों को सूर्य की रोशनी से बचाव भी प्रदान कर सकते हैं।

पाठको की राय