Thursday, April 16th, 2026

घर पर ऊसल पोहा बनाने की आसान विधि: स्वाद और सेहत का बेहतरीन मेल

इंदौरी उसल पोहा रेसिपी (Indori Usal Poha Recipe): इंदौर में मिलने वाले उसल पोहे का स्वाद जिन लोगों ने भी लिया है उनमें से ज्यादातर लोगों के मुंह में इस रेसिपी का नाम सुनते ही पानी आ जाता होगा. इंदौर शहर सिर्फ सफाई में ही अव्वल नहीं है बल्कि ये अपने खान-पान की वजह से भी दुनियाभर में पहचान रखता है. इंदौरी पोहे के साथ ही उसल पोहे भी अपनी अलग पहचान रखते हैं. ऐसा नहीं है कि उसल पोहे सिर्फ स्वाद में ही लाजवाब हैं, ये सेहत के लिहाज से भी बढ़िया होते हैं. उसल पोहे में तैयार किया जाने वाला उसल अंकुरित मोठ और अन्य मसालों से तैयार किया जाता है.
इंदौरी उसल पोहा स्वाद से भरा और तीखापन लिए होता है. आप भी अगर इंदौरी उसल पोहे का घर पर ही स्वाद लेना चाहते हैं और अब तक इस रेसिपी को कभी बनाकर नहीं देखा है तो हम आपको इंदौरी स्टाइल के उसल पोहे बनाने की आसान रेसिपी बताने जा रहे हैं. इसकी मदद से आप कम वक्त में ही स्वाद से भरे उसल पोहे तैयार कर सकते हैं.

इंदौरी उसल पोहे बनाने के लिए सामग्री

उसल के लिए
अंकुरित मोठ – 1/2 कप
लाल मिर्च पाउडर – 1 टी स्पून
धनिया पाउडर – 2 टी स्पून
गरम मसाला – 1/2 टी स्पून
हल्दी – 1/4 टी स्पून
हरी मिर्च कटी – 2
तेल – 1 टेबलस्पून
नमक – स्वादानुसार

पोहे के लिए
पोहा – 1 कप
प्याज कटा – 1
राई – 1/2 टी स्पून
सौंफ – 1/2 टी स्पून
हल्दी – 1/4 टी स्पून
हरी मिर्च कटी – 2
हींग – 1/4 टी स्पून
कढ़ी पत्ता – 8-10
चीनी – 1 टी स्पून
तेल – 2 टेबलस्पून
नमक – स्वादानुसार

सर्व करने के लिए
प्याज बारीक कटा – 1
दही फेंटा हुआ – 1 कप
हरा धनिया कटा – 3 टेबलस्पून
भुना जीरा पाउडर – 1 टेबलस्पून
नींबू – 1
बारीक सेव – 1/2 कप

इंदौरी उसल पोहा बनाने की विधि
इंदौरी उसल पोहा बनाने के लिए सबसे पहले पोहे को लें और उसे साफ पानी में धोकर पानी अलग कर रख दें. इस बीच एक कड़ाही में 1 टेबलस्पून तेल डालकर उसे मीडियम आंच पर गर्म कर लें जब तेल गर्म हो जाए तो उसमें हल्दी, धनिया पाउडर, गरम मसाला, लाल मिर्च पाउडर, बारीक कटी हरी मिर्च डालकर लगभग 1 मिनट तक भूनें. अब इसमें अंकुरित मोठ डालकर स्वादानुसार नमक मिलाएं. इसे करछी से अच्छी तरह से मिलाएं. अब इसमें डेढ़ कप पानी डालें और मोठ को नरम होने तक पकाएं.

अब एक अन्य कड़ाही लें और उसमें दो टेबलस्पून तेल डालकर गर्म करें. तेल गर्म होने के बाद उसमें सौंफ और राई डालकर तड़का लगाएं. इसके बाद इसमें कढ़ी पत्ता, बारीक कटी हरी मिर्च, हींग और प्याज डालकर कुछ देर तक भूनें. जब प्याज नरम हो जाए तो इसमें हल्दी और स्वादानुसार नमक डालकर करछी से चलाए हुए भून लें. अब भीगे हुए पोहे लें और उन्हें दोनों हाथों से एक बार फिर अच्छे से मिलाएं और ऊपर से उसमें चीनी डाल दें.
अब पोहे को कड़ाही में डालकर करछी की सहायता से मसाले के साथ अच्छी तरह से मिक्स करें और कुछ मिनट तक पकाएं. फिर गैस बंद कर दें. आपके पोहे बनकर तैयार हो चुके हैं. अब एक सर्विंग बाउल लें और उसमें सबसे पहले पोहा डाल दें. फिर ऊपर से मोठ से तैयार की हुई उसल डालें. अब दही, भुना जीरा पाउडर, बारीक कटा प्याज डालें. फिर बारीक कटा हरा धनिया और बारीक सेव डालें. आखिर में नींबू का रस डालकर गर्मागर्म उसल पोहे सर्व करें.

 

#Usal Poha

Source : Agency

आपकी राय

9 + 10 =

पाठको की राय