Wednesday, October 21st, 2026

अरुणाचल प्रदेश और मध्य प्रदेश में महसूस हुए भूकंप के झटके, किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं

गुवाहाटी
अरुणाचल प्रदेश और मध्य प्रदेश में रविवार को भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। बताया जा रहा है कि अरुणाचल प्रदेश के पश्चिमी हिस्से में दोपहर 12 बजकर 12 मिनट पर भूकंप का झटका लगा, जबकि मध्य प्रदेश के धार में दोपहर 1 बजे झटके महसूस हुए। एक आधिकारिक बुलटेन के मुताबिक, अरुणाचल प्रदेश में रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 3.8 मापी गई है। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी की एक रिपोर्ट के मुताबिक, भूकंप दोपहर को 12 बजकर 12 मिनट पर आया, जिसका केंद्र भूटान सीमा के पास पश्चिम कामेंग में था और इसकी गहराई जमीन से 10 किमी नीचे थी।

धार में भी आया भूकंप
नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के मुताबिक, इंदौर से करीब 151 किमी दूर दक्षिण-पश्चिम में स्थित धार में दोपहर करीब 1 बजे भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 3.0 मापी गई।

भूटान में भी महसूस हुए झटके
बता दें कि भूकंप के झटके अरुणाचल प्रदेश के पश्चिमी हिस्से के साथ-साथ असम के मध्य और उत्तरी क्षेत्र में महसूस हुए। इसके अलावा भूकंप के पूर्वी हिस्से में भी झटका लगा। अधिकारियों ने बताया कि भूकंप के तत्काल बाद किसी के भी घायल होने की कोई जानकारी नहीं मिली और न ही संपत्ति को कोई नुकसान पहुंचा।
 
रिपोर्ट के मुताबिक, उत्तर-पूर्वी क्षेत्र में अक्सर भूकंप आता रहता है, क्योंकि यह हिस्सा उच्च भूकंपीय क्षेत्र में आता है।

गुजरात में 3.2 तीव्रता का आया था भूकंप
इससे पहले गुजरात में भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। फरवरी की शुरुआत में गुजरात में 3.2 तीव्रता का भूकंप आया था। इंस्टीट्यूट ऑफ सीस्मोलॉजिकल रिसर्च (ISR) ने बताया था कि भूकंप की गहराई 3.2 किमी दर्ज की गई थी।

 

#भूकंप के झटके महसूस

Source : Agency

पाठको की राय