Sunday, October 25th, 2026

कार्य में लापरवाही बरतने पर

भोपाल
ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर द्वारा सोमवार को विद्या नगर जोन में निरीक्षण के दौरान रखरखाव में लापरवाही बरतने के आरोप में उप महाप्रबंधक (उच्चदाब) शहर वृत्त एम.पी. सिद्दीकी एवं उप महाप्रबंधक पश्चिम शहर संभाग नवनीत गुप्ता को रखरखाव तथा अन्य कार्यालयीन रिकार्ड प्रभावी ढंग से संधारित नहीं रखने के आरोप में चेतावनी जारी की गई है। इसी प्रकार वैभव यादव, प्रबंधक (उच्चदाब-रखरखाव) साकेत नगर को एक वेतन वृद्धि एक वर्ष के लिए रोकने कारण बताओ नोटिस और रजनीश कुमार प्रबंधक विद्यानगर को एक वेतन वृद्धि एक वर्ष के लिए रोकने कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

गौरतलब है कि ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने रखरखाव में लापरवाही बरतने को लेकर सख्त निर्देश जारी किये हैं और कहा है कि अनियोजित शटडाउन नहीं होना चाहिए और इसके लिए रखरखाव के कार्य तेजी से संपन्न कराए जाएँ। शहर वृत्त भोपाल के अंतर्गत अधिकारियों पर ऊर्जा मंत्री के निर्देश पर यह अब तक की सबसे बड़ी कार्यवाही की गई है।

मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध संचालक गणेश शंकर मिश्रा ने मैदानी अधिकारियों-कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि वे कार्य के प्रति गंभीर हों और किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सचेत किया है कि उपभोक्ता सेवा सर्वोपरि है और उन्हें निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए कंपनी जिम्मेदार है और इस जिम्मेदारी के निर्वहन में लाइन स्टॉफ से लेकर इंजीनियर तक की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

 

#due to negligence

Source : Agency

पाठको की राय