Sunday, October 25th, 2026

अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास फिर दिखा ड्रोन, BSF की फायरिंग के बाद वापस पाक लौटा

 जम्मू 
जम्मू के अरनिया सेक्टर में अंतरराष्ट्रीय बॉर्डर पर मंगलवार देर रात बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स यानी बीएसएफ ने एक संदिग्ध ड्रोन देखा। बीएसएफ जवानों ने इस ड्रोन पर फायरिंग की जिसके बाद ड्रोन गायब हो गया। खबरों के मुताबिक, ड्रोन पाकिस्तान से ऑपरेट किया जा रहा था और फायरिंग के बाद यूएवी वापस पाकिस्तानी सीमा में चला गया। 

बीएसएफ ने इस मामले को लेकर एक बयान जारी किया है। बयान के मुताबिक, '13 और 14 जुलाई के दरम्यानी रात में जवानों को अरनिया सेक्टर में रात 9 बजकर 52 मिनट के आसपास एक लाल रंग की चमकती लाइट दिखी। सतर्क जवानों ने अपनी जगह से ही लाल चमकती लाइट पर फायरिंग की, जिसकी वजह से ड्रोन लौट गया। इसके बाद इलाके की तलाशी ली गई। हालांकि, अभी तक कुछ भी नहीं मिला है।' बता दें कि बीते महीने 27 तारीख को पाकिस्तानी आतंकी संगठनों ने जम्मू एयफोर्स स्टेशन पर दो ड्रोन से विस्फोट किए थे। हालांकि, ये विस्फोट बेहद कम तीव्रता वाले थे लेकिन इसमें दो जवानों को हल्की चोटें आई थीं। भारत में यह ड्रोन से किया गया पहला धमाका था।

ये धमाके रात 1 बजकर 40 मिनट पर हुए थे। दोनों धमाकों के बीच 6 मिनट का अंतर था। पहला धमाका जहां एक मंजिला इमारत की छत पर हुआ था तो वहीं दूसरा धमाका मैदान में हुआ था। जम्मू एयरफोर्स में हुए इस ड्रोन हमले के बाद से ही सांबा, रामबन और बारमुला में ड्रोन या किसी अन्य यूएवी को रखने और बेचने पर रोक लगा दी गई थी।

 

#ड्रोन

Source : Agency

पाठको की राय