500 बेड का DRDO कोविड अस्पताल तैयार, 2 से भर्ती की तैयारी
लखनऊ
राजधानी लखनऊ के अवध शिल्प ग्राम में तैयार हो रहे अस्थाई कोविड अस्पताल में शुक्रवार से भर्ती नहीं हो सकेगी। लोगों का अभी दो दिन और इंतजार करना पड़ेगा। शुक्रवार से 24 घंटे का ट्रायल शुरू होगा। मॉकड्रिल से तैयारियों परखी जाएंगी। सभी ट्रायल में सफल होने के बाद ही दो मई से अस्पताल में मरीजों की भर्ती प्रक्रिया शुरू हो सकेगी।
अस्पताल के लाइफ सपोर्ट सिस्टम व अन्य तैयारियों को परखने के लिए सेना के डॉक्टर और मिलिट्री नर्सिंग सेवा (एमएनएस) की अधिकारी शुक्रवार मौका मुआयना करेंगे। इमरजेंसी सेवा के लिए मॉक ड्रिल किया जाएगा। यहां 500 बेड का कोविड अस्पताल तैयार हो रहा है। मरीजो के लिए भर्ती प्रक्रिया को 30 अप्रैल से शुरू करने का लक्ष्य रखा था। लेकिन अभी तैयारियां पूरी नहीं हो सकी हैं। जिस कम्पनी को आईसीयू बेड की आपूर्ति करना था उसके कई कर्मचारी कोरोना से संक्रमित हो गए हैं।
गुरुवार को मध्य कमान के कई वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों ने डीआरडीओ अस्पताल का दौरा किया। सेना ने अस्पताल में ऑक्सीजन की उपलब्धता को और सुदृढ़ करने के लिए कहा है। यहां पर 20 हजार लीटर की क्षमता का आक्सीजन टैंक लगाया गया है। अब साथ में आक्सीजन कंस्ट्रेटर भी लगाया जाएगा। इससे मरीजो को 24 घंटे ऑक्सीजन की आपूर्ति बनी रहेगी।

पाठको की राय