Sunday, October 25th, 2026

पता नहीं और किस-किस चीज में जीएसटी लगायेगी केन्द्र सरकार - भूपेश

रायपुर
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने महंगाई के बहाने केंद्र सरकार पर हमला किया है। उन्होंने कहा, केंद्र सरकार ने दही-पनीर तक पर जीएसटी लगा दिया है। ये चीजें रोज के इस्तेमाल की हैं। महंगाई इतनी बढ़ गई है कि जीना दूभर कर दिया है।

बघेल ने कहा, छत्तीसगढ़ सरकार आम जनता की जेब में पैसा डालने का काम कर रही है। वह गोधन न्याय योजना हो, चाहे भूमिहीन श्रमिक न्याय योजना हो या फिर राजीव गांधी किसान न्याय योजना हो। वह आम जनता की जेब में पैसा डालने का काम कर रही है। यह केंद्र सरकार है जो इस जुगत में रहती है कि कैसे भी करके आम आदमी की जेब से पैसा निकाले। वह पेट्रोल-डीजल का दाम बढ़ाकर हो, रसोई गैस और खाद के दाम बढ़ाकर हो। अब तो पनीर में, दही में और घर में रोज उपयोग में आने वाले पता नहीं किन-किन सामानों में जीएसटी लगा रही है। होटल में लगा दिए हैं। हर चीज में जीएसटी लगा दिए हैं। लोगों का जीना दूभर कर दिया है, इतनी महंगाई बढ़ा दी है। हरेली से गौमूत्र खरीदी की योजना की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बताया, बहुत से लोग जैविक खेती करना चाहते हैं। वे रासायनिक पेस्टिसाइड का उपयोग नहीं करना चाहते हैं। ऐसे लोगों के लिए हम गौमूत्र से कीटनाशक दवाई भी बनाएंगे ताकि जैविक खेती को बढ़ावा दिया जा सके।

 

#Bhupesh

Source : Agency

पाठको की राय