Friday, October 23rd, 2026

18 अक्टूबर से घरेलू उड़ान 100 फीसदी क्षमता के संचालित होंगी , निर्देश जारी

नई दिल्ली

कोरोना वायरस के मामलों में गिरावट के बीच नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने 18 अक्टूबर से घरेलू उड़ानों को 100 फीसदी क्षमता के साथ संचालित करने की अनुमति दे दी है। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने मंगलवार को इस संबध में एक निर्देश जारी कर दिया है। जिसमें कहा गया है कि 18 अक्टूबर से सभी घरेलू उड़ानें अपनी 100 फीसदी क्षमता के साथ संचालित की जाएंगी। अभी तक घरेलू उड़ानें 85 फीसदी क्षमता के साथ संचालित की जा रही थीं।

पिछले महीने के तीसरे सप्ताह में नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने एक परिपत्र जारी करते हुए घरेलू उड़ानों को 85 फीसदी क्षमता के साथ संचालित करने की अनुमति दी थी। इससे पहले यह क्षमता 72.5 फीसदी थी। बता दें कि पिछले साल कोरोना लॉकडाउन में उड़ाने पर पूरी तरह से प्रतिबंध के बाद 25 मई 2020 को सरकार ने 33 प्रतिशत की क्षमता के साथ उड़ान भरने की अनुमति दी थी। इसके बाद दिसंबर 2020 में इसे बढ़ाकर 80 फीसदी कर दिया गया था।

इस बीच इस साल अप्रैल और मई में कोरोना वायरस की दूसरी लहर के बीच सरकार ने घरेलू उड़ानों में यात्रियों की क्षमता को घटाकर 50 प्रतिशत कर दिया था। इसके बाद कोरोना वायरस के मामलों में गिरावाट के बाद यात्रियों की क्षमता को धीरे-धीरे बढ़ाया जा रहा है और अब इसे 100 फीसदी कर दिया गया है। हालांकि, उड़ानों के दौरान कोरोना-19 प्रोटोकॉल का पूरा ध्यान रखना होगा।

 

#100 फीसदी क्षमता

Source : Agency

पाठको की राय