Tuesday, October 20th, 2026

अक्षय कुमार की ‘पृथ्वीराज’ को लेकर विवाद, करणी सेना ने जताई आपत्ति

 मुंबई 
अक्षय कुमार की आने वाली फिल्म ‘पृथ्वीराज’ विवादों में घिरती दिख रही है। यह फिल्म राजा पृथ्वीराज चौहान की जिंदगी और उनकी वीरता पर आधारित है। फिल्म के नाम को लेकर करणी सेना ने आपत्ति जताई है। संगठन का कहना है कि इसका नाम बदला जाना चाहिए। खबर के मुताबिक, करणी सेना के युवा शाखा के अध्यक्ष सुरजीत सिंह ने कहा कि ‘वो फिल्म का नाम केवल “पृथ्वीराज” कैसे रख सकते हैं जबकि फिल्म महान पृथ्वीराज चौहान की जिंदगी पर आधारित है। हम चाहते हैं कि फिल्म का नाम बदलकर उनके पूरे नाम पर रखा जाए और उन्हें सम्मान दें।‘

फिल्म की स्क्रीनिंग की मांग
करणी सेना की आपत्ति यहीं खत्म नहीं होती उनका कहना है कि फिल्म को रिलीज करने से पहले उन्हें दिखाया जाए। सुरजीत सिंह राठौर ने कहा कि ‘अगर वो हमारी सलाह नहीं मानते हैं तो वो इसके नतीजे भुगतने के लिए भी तैयार रहें। संजय लीला भंसाली की “पद्मावत” के दौरान मेकर्स के साथ जो कुछ हुआ इस फिल्म के लिए भी तैयार रहें।‘

'पद्मावत' पर मचा था हंगामा
दीपिका पादुकोण, रणवीर सिंह और शाहिद कपूर की फिल्म 'पद्मावत' को लेकर करणी सेना ने जमकर बवाल काटा था। बाद में फिल्म का नाम 'पद्मावती' से बदलकर 'पद्मावत' कर दिया गया तब जाकर फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज हो सकी।
 
लॉकडाउन की वजह से शूटिंग में हुई देरी
यशराज बैनर के तले बन रही फिल्म ‘पृथ्वीराज’ की शूटिंग इसी साल फरवरी में खत्म हुई है। पिछले साल लॉकडाउन के चलते इसकी शूटिंग रोक दी गई थी। बाद में इसे पूरा किया गया। फिल्म के निर्देशक चंद्र प्रकाश द्विवेदी हैं। अक्षय कुमार के अलावा इसमें मानुषी छिल्लर, संजय दत्त, सोनू सूद और आशुतोष राणा की मुख्य भूमिका है। पहले यह फिल्म 13 नवंबर 2020 को रिलीज होने वाली थी। शूटिंग शेड्यूल में देरी के चलते अब यह इस साल पांच नवंबर को रिलीज होगी।  
 

 

#अक्षय कुमार

Source : Agency

पाठको की राय