चाय पर चर्चा कार्यक्रम: मुख्यमंत्री ने कहा पुलिस डंडा लेकर निकले और गुंडे बदमाशों को ठीक कर सही जगह भेजे
भोपाल
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश के सभी जिलों के कलेक्टर और एसपी अवैध शराब और गुंडे बदमाशों के विरुद्ध एक्शन लें। कलेक्टर अवैध शराब पर डंडा चलाएं और पुलिस डंडा लेकर निकले और जितने भी बदमाश हैं, उनको उठाए और सही जगह पहुंचाने का काम करे। नए अवैध कब्जे नहीं होने चाहिए। गरीबों को सरकारी योजनाओं का सौ फीसदी लाभ मिले, इसका भी ध्यान रखना है। सीएम चौहान ने ये बातें मंगलवार को राजधानी के 12 नम्बर स्टाप के समीप मल्टी स्टोरी के नागरिकों से चाय पर चर्चा के दौरान संवाद करते हुए कहीं।
आज भोपाल में भाई-बहनों के साथ 'चाय पर चर्चा' की। @BJP4MP का लक्ष्य केवल चुनाव लड़ना और जीतना नहीं है, जनता की जिंदगी बदलना है।
— Shivraj Singh Chouhan (@ChouhanShivraj) July 19, 2022
आज से ही हमने नये सिरे से जनता की जिंदगी को बदलने का अभियान प्रारंभ किया है। यहां लोगों ने जो समस्याएं बताई है, उसके तत्काल समाधान के निर्देश दिये हैं। https://t.co/NG5PSLloYc pic.twitter.com/ZNkk6pBAc0
उन्होंने कहा कि राजधानी की बस्ती में गुंडे बदमाशों द्वारा परेशान किए जाने की शिकायत मिली है तो पुलिस को उनको सबको ठीक करना है। इस क्षेत्र में सक्रिय टाइगर नाम के बदमाश पर कार्यवाही करने के लिए भी कहा। साथ ही कहा कि अवैध शराब पर डंडा चलाने की रिपोर्ट एक हफ्ते में कलेक्टर से लूंगा। उन्होंने कहा कि अब नगरीय निकाय चुनाव की आचार संहिता नहीं रही है, इसलिए ये निर्देश सभी जिलों के लिए हैं। उन्होंने कहा कि नगरीय निकाय चुनाव के पहले वे यहां चाय पर चर्चा के लिए आए थे तो लोगों ने कुछ दिक्कतें बताई थीं। नेता अक्सर चुनाव में वोट मांगने के बाद भूल जाते हैं लेकिन मैं यहां आभार सभा नहीं विश्वास सभा करने आया हूं। उन्होंने कहा कि मल्टी स्टोरी में रहने वाले लोगों ने शिकायत की है कि पीने का पानी नहीं मिलता। इसलिए कलेक्टर भोपाल इसके लिए आज से काम शुरू करें ।
अवैध शराब कारोबार पर डंडा चलाएं कलेक्टर, एक हफ्ते में लूंगा रिपोर्ट
मुख्यमंत्री ने इस सभा के माध्यम से प्रदेश के सभी कलेक्टरों से भी कहा कि शराब के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करें, इस संबंध में वे एक सप्ताह बाद रिपोर्ट लेंगे। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि नई महापौर मालती राय आज से ही काम शुरू करेंगे। जनता की सेवा का काम शुरू होगा। रही बात शपथ लेने की तो वह औपचारिकता तय होने पर शपथ लेंगी। निगम के जनसेवा संबंधी काम अब तेज होंगे।

पाठको की राय