Wednesday, October 21st, 2026

टी-20 वर्ल्ड कप की बेस्ट प्लेइंग XI चुनी दिनेश कार्तिक ने

नई दिल्ली
भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक ने भारत का सफर सुपर 12 राउंड में ही समाप्त होने के बाद टी-20 वर्ल्ड कप की बेस्ट प्लेइंग इलेवन चुनी है। इसमें कार्तिक ने उन खिलाड़ियों को चुना है, जिन्होंने सेमीफाइनल मुकाबले शुरू होने से पहले पूरे टूर्नामेंट में जानदार खेल दिखाया है। कार्तिक ने अपनी इस टीम में भारत की तरफ से सिर्फ तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को ही चुना है, जबकि शानदार प्रदर्शन करने वाले रोहित शर्मा और केएल राहुल को मौका नहीं दिया है। कार्तिक की इस टीम पर नजर दौड़ाई जाए तो इसमें चार स्पिनर और तीन तेज गेंदबाज शामिल हैं। कार्तिक ने टूर्नामेंट की बेस्ट टीम का चयन करते हुए सलामी जोड़ी के तौर पर पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम और इंग्लैंड के जोस बटलर को चुना है। इन दोनों ही खिलाड़ियों का टूर्नामेंट में प्रदर्शन बेहद असाधारण रहा है। बटलर तो इस टूर्नामेंट में शतक भी लगा चुके हैं। 'क्रिकबज' से बात करते हुए कार्तिक ने मिडिल ऑर्डर में श्रीलंका के चरिथ असलंका, दक्षिण अफ्रीका के वान डेर डुसैन, बांग्लादेश के शाकिब अल हसन और इंग्लैंड के मोईन अली को चुना है। शाकिब और मोईन बल्लेबाजी के साथ-साथ यूएई में स्पिनरों की मददगार पिचों पर बेहतर स्पिन बॉलिंग ऑप्शन में देते हैं। कार्तिक ने प्रमुख स्पिनरों के तौर पर श्रीलंका के वानिंदु हसरंगा और ऑस्ट्रेलिया के एडम जाम्पा को चुना है। बल्लेबाज और स्पिनरों को चुनने के बाद तेज गेंदबाजी में देखा जाए तो यहां भी कार्तिक ने एक से बढ़कर एक खिलाड़ी अपनी टीम में शामिल किए हैं। उन्होंने पेसरों में न्यूजीलैंड के ट्रेंट बोल्ट, भारत के जसप्रीत बुमराह और पाकिस्तान शाहीन अफरीदी को चुना है। कार्तिक ने इस टीम को चुनने को लेकर कहा, ''टूर्नामेंट में गेंदबाजों का प्रदर्शन बेहतरीन रहा है और इसीलिए मैंने अपनी इस टीम में सात बॉलर चुने हैं।''

दिनेश कार्तिक की टी-20 वर्ल्ड कप प्लेइंग इलेवन- बाबर आजम, जोस बटलर, चरिथ असालंका, रेसी वान डर डुसैन, शाकिब अल हसन, मोईन अली, वानिंदु हसरंगा, एडम जाम्पा, ट्रेंट बोल्ट, जसप्रीत बुमराह, शाहीन शाह अफरीदी। 
 

 

#Dinesh Karthik

Source : Agency

पाठको की राय