Wednesday, October 21st, 2026

दिग्विजय सिंह की 'नर्मदा पथिक' पुस्तक का विमोचन

भोपाल

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की नर्मदा यात्रा पर लिखी गई किताब का गुरुवार को भोपाल में विमोचन हुआ। यह किताब उनके निज सचिव ओम प्रकाश शर्मा ने लिखी है। जिसका शीर्षक है- 'नर्मदा पथिक।' इसका विमोचन करते हुए दिग्विजय ने केंद्रीय गृ़ह मंत्री अमित शाह और आरएसएस (राष्ट्रीय स्वयं सेवक) की तारीफ की।

उन्होंने कहा कि नर्मदा परिक्रमा के दौरान अमित शाह का सहयोग मिला। उन्होंने गुजरात के जंगल में मेरे रहने-खाने की व्यवस्था की। वन विभाग के अधिकारियों को उनके निर्देश थे कि मेरी यात्रा में विघ्न नहीं आना चाहिए। हालांकि मेरी आमने-सामने मुलाकात नहीं हुई है, लेकिन मैंने अमित शाह को इसके लिए धन्यवाद पहुंचाया था। राजनीतिक सामंजस्य का ये प्रमाण है, जिसे हम कभी-कभी भूल जाते हैं।

दिग्विजय ने RSS को लेकर कहा- मैं संघ का आलोचक जरूर हूं, लेकिन धर्म और राजनीति दोनों को जोड़कर नहीं देखना चाहिए। संघ से मेरा विचारों का मेल नहीं है, लेकिन यात्रा के दौरान संघ के लोग मुझसे मिलने आते थे। संघ कार्यकर्ताओं को मुझसे मिलने के लिए निर्देश मिलता था। उनकी ओर से भी मेरी व्यवस्था हुई।

उन्होंने बताया कि नर्मदा परिक्रमा के दौरान जब हम गुजरात से महाराष्ट्र की सीमा में प्रवेश कर रहे थे, तब रात हो चुकी थी। वहां संघ से जुड़ी धर्मशाला में रुकने की व्यवस्था की गई थी। संघ के कार्यकर्ता कर्मठ होते हैं, लेकिन उनकी देश को बांटने वाली बातों का मैं समर्थन नहीं करता, इसलिए संघ से मेरा वैचारिक विरोध है। उन्होंने यह भी कहा कि मेरी यात्रा के दौरान भारतीय युवा मोर्चा के पदाधिकारियों का भी सहयोग मिला।

बता दें कि मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने 2017-18 में उस वक्त पैदल नर्मदा परिक्रमा की थी, जब प्रदेश में चुनाव होने थे। इस यात्रा में उनके साथ उनकी पत्नी अमृता सिंह भी थीं। दिग्विजय सिंह के निज सचिव ओम प्रकाश शर्मा भी इस यात्रा में उनके साथ थे। करीब 410 पन्नों की किताब में दिग्विजय सिंह के अनुभवों के आधार पर यात्रा को संस्मरण के तौर पर प्रकाशित किया गया है। विधानसभा के मानसरोवर सभागार में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस से राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा, सुरेश पचौरी सहित कांग्रेस के कई दिग्गज नेता मौजूद थे।

 

#दिग्विजय सिंह

Source : Agency

पाठको की राय