Wednesday, October 21st, 2026

पदयात्रा कर लोगों के पास पहुंच रहे दिग्विजय सिंह

भोपाल
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह एक बार फिर प्रदेश भर में सक्रिय हो गए हैं। इस बार भी वे पदयात्रा के जरिए लोगों से संपर्क कर रहे हैं। फिलहाल वे अब तक तीन जिलों में गए हैं,लेकिन आने वाले आठ दिनों में पांच और जिलों में जाएंगे। अगले 6 महीने के भीतर वे प्रदेश के सभी जिलों का दौरा कर वहां पर पदयात्रा के जरिए लोगों से संपर्क करेंगे।

दिग्विजय सिंह ने पिछले विधानसभा चुनाव से पहले भी लोगों के बीच जाने के दो अवसर बनाए थे। पहला उन्होंने 30 सितम्बर 2017 को नर्मदा परिक्रमा शुरू किया था। जिसके जरिए वे नर्मदा पठार के सभी जिलों तक पहुंचे। इसके बाद उन्होंने वर्ष 2018 में पंगत संग संगत का कार्यक्रम किया। हालांकि यह कार्यक्रम उनका पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उन्हें कांग्रेस के लिए काम करने को प्रेरित करने का था।

दिग्विजय सिंह अगले सात दिनों में पांच जिलों में जाने वाले हैं। आज वे दतिया में पदयात्रा करेंगे। इसके बाद वे पन्ना जिले में जाएंगे। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के क्षेत्र गुना में भी दिग्विजय सिंह पदयात्रा करेंगे। शाजापुर जाने का भी उनका कार्यक्रम हैं।

दिग्विजय सिंह इन दिनों प्रदेश में जनजागरण अभियान चला रहे हैं। महंगाई के खिलाफ उन्होंने इस अभियान की शुरूआत 14 नंवबर को मंडला जिले से की थी। इस दौरान उन्होंने प्रभात फेरी निकाली और इसके बाद वे करीब यहां पर 18 किलोमीटर तक पैदल चले। इसके बाद उन्होंने भोपाल के बैरसिया क्षेत्र में पदयात्रा कर जनजागरण अभियान चलाया। इसके बाद वे देवास जिले के नेपावर पहुंचे। यहां पर प्रभात फेरी और पदयात्रा के जरिए वे लोगों के संपर्क में रहे।

जनजागरण अभियान का महंगाई को लेकर पहला चरण 29 नवम्बर को पूरा होगा। इसके बाद अगले चरण भी जनजागरण अभियान के होंगे। इस दौरान दिग्विजय सिंह एक-एक कर प्रदेश के सभी जिलों में जाएंगे।

 

Source : Agency

पाठको की राय