Wednesday, October 28th, 2026

डिजिटल सुशासन से पिछड़े वर्ग के युवाओं को मिलेगा लाभ, पोर्टल बनेगा मील का पत्थर

पिछड़ा वर्ग के मेधावी विद्यार्थियों के लिए विदेश अध्ययन छात्रवृत्ति योजना के एमपीओएम पोर्टल का हुआ शुभारंभ

भोपाल
पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती कृष्णा गौर ने कहा है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कुशल नेतृत्व में विभाग निरंतर पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों को सशक्त बनाने की दिशा में कार्य कर रहा है। 'विदेश छात्रवृत्ति पोर्टल' का शुभारंभ प्रदेश में डिजिटल सुशासन को बढ़ावा देने तथा पिछड़ा वर्ग के छात्रों के शैक्षणिक एवं व्यावसायिक सशक्तिकरण की दिशा में एक अत्यंत महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह पहल पात्र विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के व्यापक अवसर उपलब्ध कराने तथा उनकी अंतर्निहित प्रतिभा और क्षमता के अनुरूप वैश्विक मंच पर शैक्षणिक उन्नति के लिए निरंतर प्रोत्साहित करने में सहायक होगी। पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती गौर बुधवार को अपने निवास कार्यालय से विदेश छात्रवृत्ति एमपीओएम पोर्टल (www.mpom.mp.gov.in) के शुभारंभ अवसर को संबोधित कर रही थी ।

पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग द्वारा राज्य के प्रतिभाशाली एवं पात्र विद्यार्थियों को विदेश स्थित प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थानों में उच्च शिक्षा, शोध एवं कौशल विकास प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित करने तथा छात्रवृत्ति योजना का लाभ सुगमतापूर्वक उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण पहल की गई है।। इस अत्याधुनिक पोर्टल के माध्यम से विदेश में उच्च शिक्षा प्राप्त करने के इच्छुक पात्र विद्यार्थियों को योजना से संबंधित समस्त आवश्यक जानकारियां और ऑनलाइन आवेदन की सुविधा एक ही स्थान पर सुलभ कराई जाएगी।

राज्यमंत्री श्रीमती कृष्णा गौर ने कहा कि इस नवीन व्यवस्था से आवेदन की संपूर्ण प्रक्रिया अधिक सरल, पारदर्शी, सुलभ एवं सुव्यवस्थित बनेगी। इससे योजना के क्रियान्वयन में आधुनिक तकनीक के प्रभावी उपयोग को प्रोत्साहन मिलेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि छात्रवृत्ति के लिए आवेदन प्रक्रिया को डिजिटल माध्यम से सुविधाजनक बनाना, योजना संबंधी पारदर्शी जानकारी सुनिश्चित करना, पिछड़ा वर्ग के पात्र एवं प्रतिभावान विद्यार्थियों को अंतर्राष्ट्रीय स्तर की शिक्षा के लिये प्रेरित करना, उन्हें वैश्विक शोध व कौशल विकास के अवसरों से जोड़ना तथा आवेदन संबंधी प्रक्रियाओं के प्रबंधन एवं अनुश्रवण को अधिक प्रभावी और व्यवस्थित बनाना ही इस पोर्टल का मुख्य ध्येय है।

 

 

#portal will serve as a milestone

Source : Agency

आपकी राय

11 + 3 =

पाठको की राय