धोनी ने छक्के से जिताया चेन्नई सुपरकिंग्स को मैच, साक्षी और जिवा का रिऐक्शन हुआ वायरल
नई दिल्ली
इंडियन प्रीमियर लीग (2021) में गुरुवार (30 सितंबर) को हुआ चेन्नई सुपरकिंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच मैच शायद ही कोई सीएसके फैन कभी भूल पाए। विंटेज धोनी ने इस मैच में छक्के के साथ टीम को ना सिर्फ जीत दिलाई बल्कि प्लेऑफ का टिकट भी कटा लिया। यह जीत सीएसके और उसके फैन्स के लिए बहुत खास थी। धोनी की कप्तानी वाली सीएसके पिछले सीजन में प्लेऑफ की दौड़ से बाहर होने वाली पहली टीम बनी थी और इस सीजन में टीम ने जबर्दस्त वापसी करते हुए सबसे पहले प्लेऑफ का टिकट कटाया है। धोनी ने जैसे ही छक्के से सीएसके को जीत दिलाई, वैसे ही स्टेडियम में मौजूद उनकी पत्नी साक्षी और बेटी जिवा भी जश्न में डूब गए। दोनों का वीडियो इंडियन प्रीमियर लीग के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से शेयर किया गया है।
धोनी ने इस मैच में 11 गेंद पर एक चौके और एक छक्के की मदद से नॉटआउट 14 रन बनाए। 135 रनों का लक्ष्य का पीछा करते हुए एक समय लग रहा था सीएसके बहुत आसानी से मैच जीत लेगा, लेकिन 15वें ओवर में सनराइजर्स हैदराबाद ने जबर्दस्त वापसी की। 14 ओवर में एक विकेट पर 103 के स्कोर के बाद एक समय स्कोर 15.5 ओवर में चार विकेट पर 108 रन हो गया।
IPL 2021 धोनी ने जानिए किसे दिया CSK को प्लेऑफ में पहुंचाने का क्रेडिट
पांच रन के अंतर पर सीएसके ने मोईन अली, सुरेश रैना और फाफ डुप्लेसी के विकेट गंवा दिए। इसके बाद रायुडू के साथ मिलकर धोनी ने टीम के लिए मैच फिनिश किया। रायुडू 13 गेंद पर 17 रन बनाकर आउट हुए। ऋतुराज गायकवाड़ ने 45 और डुप्लेसी ने 41 रनों की पारी खेली। 24 रन देकर तीन विकेट लेने वाले जोश हेजलवुड को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

पाठको की राय