Monday, October 19th, 2026

बाबा महाकाल के साथ भक्तों ने मनाई होली, खूब उड़े भक्ति के रंग

उज्जैन
मध्य प्रदेश के उज्जैन में महाकाल ने भक्तों के साथ जमकर होली खेली. बाबा महाकाल का अलग-अलग रंगों के गुलाल से अद्भुत श्रृंगार किया गया. कोरोना काल के कारण 2 सालों से भक्त भगवान महाकाल के साथ होली नहीं खेल पा रहे थे. इन दो सालों की पूरी कसर भक्तों ने निकाली और बाबा महाकाल के साथ जमकर होली  के रंग उड़ाए और उत्सव धूमधाम से मनाया.

बता दें, उज्जैन महाकालेश्वर मंदिर में वैसे तो 1 दिन पहले ही होली का पर्व शुरू हो जाता है, पर शुक्रवार तड़के से ही यहां अलग ही रंग बिखरने लगे थे. सुबह 4 बजे होने वाली भस्म आरती में पंडे-पुजारियों ने दही-दूध-शहद-जल से स्नान, पंचामृत कर भगवान महाकाल का अभिषेक किया. इसके बाद भगवान महाकाल का अलग-अलग अबीर से श्रंगार किया. बाबा महाकाल के साथ होली खेलने के लिए अलग-अलग राज्यों से श्रद्धालु महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे.

दो दिन पहले भक्तों ने कराई बुकिंग
गौरतलब है कि कि भगवान महाकाल के साथ होली खेलने के लिए भक्तों ने दो दिन पहले ही भस्म आरती की अनुमति ले ली थी. सभी ने भस्म आरती के बाद भगवान महाकाल को कई तरह का भोग लगाया. गुरुवार देर रात से भक्तों की भीड़ मंदिर में उमड़ने लगी थी. लोग प्रसाद के साथ-साथ कई तरह के रंग भी लाए थे. लोगों के मन में बस ये आस थी कि किसी तरह बाबा महाकाल के दर्शन हों और वे उनके साथ होली खेलकर उनका आशीर्वाद लें.

लगातार बढ़ रही भक्तों की संख्या
बता दें, बाबा महाकाल के भक्तों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है. इसके देखते हुए महाकालेश्वर मंदिर का विस्तार भी किया जा रहा है. यहां कई तरह के विकास कार्य किए जा रहे हैं. अब महाकाल मंदिर में नया फूड जोन भी बनाया जा रहा है. ये 8 करोड़ रुपये में बनकर तैयार होगा. इसे इंदौर के एक उद्योगपति बनवा रहे हैं. अन्न क्षेत्र के लिए मकर संक्रांति के दिन भूमि पूजन किया जाएगा.

महाकाल मंदिर का भी विस्तारीकरण काम जारी है. पार्किंग से लेकर प्रवेशद्वार और श्रद्धालुओं के लिए तमाम सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है. महाकाल के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के लिए नया अन्न क्षेत्र मंदिर परिसर में बनवाया जा रहा है ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग ज्यादा सुविधा के साथ यहां बैठकर प्रसादी ग्रहण कर सकें.

 

#Baba Mahakal#colors

Source : Agency

पाठको की राय