देवी अहिल्या एयरपोर्ट बनेगा VIP लाउंज, आवंटित की 5 हजार स्क्वेयर फीट जमीन
इंदौर
इंदौर के देवी अहिल्या एयरपोर्ट पर जल्द ही नया VIP लाउंज बनेगा। इससे अब यात्रियों की परेशानी कम होगी। यह लाउंज पुराने टर्मिनल भवन के स्थान पर बनेगा। इसके साथ ही नए एयरपोर्ट के काम को भी गति मिलेगी।
इस मामले में सांसद शंकर लालवानी ने नागरिक विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से 10 फरवरी को मिलकर पुराने टर्मिनल भवन में VIP लाउंज, मीटिंग रूम, एंट्री वेटिंग लॉबी के निर्माण एवं नए एयरपोर्ट के काम को गति देने का अनुरोध किया था। सांसद द्वारा उठाई गई इन मांगों को सिंधिया ने प्राथमिकता पर रखते हुए एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) की 15 फरवरी को हुई बोर्ड बैठक में रखा था, जिसे स्वीकृत दे दी गई।
लालवानी को लिखे पत्र में सिंधिया ने मंत्रालय की मध्य प्रदेश में एविएशन सेवाओं को बेहतर बनाने और सुदृढ़ करने की प्रतिबद्धता दोहराया। अपने पत्र में सिंधिया ने बताया कि बोर्ड ने पुराने भवन की 506.45 वर्गमीट (5 हजार वर्गफीट से ज्यादा) जमीन मध्यप्रदेश सरकार को टोकन लाइसेंस शुल्क 1/- रुपए प्रति वर्ग फीट प्रतिमाह पर आवंटित करने की स्वीकृति दे दी है।
सांसद लालवानी ने बताया कि इंदौर एयरपोर्ट पर अक्सर VIP मूवमेंट होता है। इस कारण यात्रियों को परेशानी होती थी। कई यात्रियों ने शिकायत की थी कि वीआईपी के स्वागत में आने वाली भीड़ एवं सिक्युरिटी प्रोटोकॉल की वजह से दिक्कत होती है। कई बार फ्लाइट छूटने की नौबत भी आ जाती है। इसलिए वीआईपी लाउंज की आवश्यकता थी। लालवानी ने इंदौर के नए एयरपोर्ट के बारे में बताया कि इस काम को भी गति प्रदान करने का आश्वासन मंत्री सिंधिया ने दिया है। इसके साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान जी को धन्यवाद दिया है।

पाठको की राय