Friday, October 23rd, 2026

रायगढ़ में डिप्टी रेंजर को 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते पकड़ा, जंगली मुर्गा मारने पर फंसाने की दे रहा था धमकी

रायगढ़.

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एसीबी की टीम ने एक डिप्टी रेंजर रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है। मामला घरघोड़ा थाना क्षेत्र का है। आरोपी डिप्टी रेंजर के द्वारा झाड़फूंक करने वाले बैगा को जंगली मुर्गा मारने के केस में जेल भेजने के नाम पर डरा रहे थे और पैसा मांग रहे थे। इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, रायगढ़ जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कुर्मीभवना गांव निवासी प्रार्थी जगमोहन मांझी कुछ दिनों पहले घरघोड़ा क्षेत्र के जंगलों से झाड़फूंक कर वापस घर लौट रहा था।

इसी बीच घरघोड़ा रेंज के डिप्टी रेंजर मिलन भगत ने जंगली मुर्गा मारने के केस में फंसाकर जेल भेजने का डर दिखाते हुए आठ हजार रुपये की मांग की। इस दौरान प्रार्थी जगमोहन ने मौके पर डिप्टी रेंजर मिलन भगत को तीन हजार रुपये देते हुए बाकी रकम बाद में व्यवस्था करके देने की बात कही थी। बताया जा रहा है कि प्रार्थी जगमोहन मांझी डिप्टी रेंजर मिलन भगत को रिश्वत नहीं देना चाहता था। इसलिये उसने इस पूरे मामले की शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो बिलासपुर में कर दी थी। जिसके बाद एसीबी की टीम ने आज सुनियोजित तरीके से डिप्टी रेंजर को प्रार्थी जगमोहन मांझी से 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा। इस मामले में एसीबी की टीम ने आरोपी डिप्टी रेंजर के खिलाफ धारा सात पीसी एक्ट 1988 के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की है।

 

#deputy ranger#Raigarh

Source : Agency

पाठको की राय