नगर निगम के उपनेता प्रतिपक्ष ने स्कूली बच्चे की पिटाई कर धमकाया परिजनों को
रायपुर। नगर निगम के भाजपा पार्षद और उपनेता प्रतिपक्ष मनोज वर्मा विवादों में घिर गए है। इस बार उन्होंने एक स्कूली बच्चे की डंडे से मारपीट करने के बाद परिजनों को फोन पर धमका रहे है। फोन पर धमकाने का आडियो इंटरनेट मीडिया में वायरल होने के बाद शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गिरीश दुबे, महापौर एजाज ढेबर, सभापति प्रमोद दुबे ने एफआइआर दर्ज करने की मांग को लेकर एसएसपी प्रशांत अग्रवाल को मिलकर उन्हें ज्ञापन सौंपा और घायल बच्चे का डाक्टरी मुलाहिजा करवाने और पीड़ित परिवार को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की।
यह घटना भाठागांव दशहरा मैदान की है जहां पर राधेश्याम चक्रधारी के 16 वर्षीय बेटे दीपक चक्रधारी को पार्षद मनोज वर्मा ने बांस के डंडे से मारने के साथ ही गाली-गलौज कर परिजनों को फोन पर अभ्रद व्यवहार करते हुए धमकाया। धमकाने का आडियो इंटरनेट मीडिया में वायरल होते ही कांग्रेस पार्षदों ने मनोज वर्मा के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। आॅडियो इंटरनेट मीडिया में वायरल होने के बाद शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष गिरीश दुबे, महापौर एजाज ढेबर, सभापति प्रमोद दुबे के नेतृत्व में कांग्रेस पार्षदों ने एसएसपी प्रशांत अग्रवाल को ज्ञापन सौंपा है मनोज वर्मा के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने, बच्चे का डाक्टरी मुलाहिजा और परिजनों की सुरक्षा की मांग की। ज्ञापन सौंपने गए प्रतिनिधिमंडल में निगम के एमआइसी सदस्य ज्ञानेश शर्मा, श्रीकुमार मेनन, सुंदर लाल जोगी,समीर अख्तर, सतनाम सिंह पनाग, आकाश तिवारी, सहदेव व्यवहार, जितेंद्र अग्रवाल, जोन अध्यक्ष घनश्याम छत्री, ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष प्रशांत ठेंगड़ी,पार्षद वीरेंद्र देवांगन आदि शामिल थे।
वायरल आडियो में पार्षद मनोज वर्मा स्कूली बच्चे को गाली देते हुए रावणभाठा को अपना बताते हुए दोबारा मैदान में आने पर टांग तोड़ देने की बात कह रहे है। यह भी कह रहे है कि मेरे बारे में अपने पिता से पूछ लेना कौन हूं। पार्षद स्वजनों से बात करते हुए सबक सिखाने बच्चे की पिटाई करना भी स्वीकार कर रहे है। गौरतलब है कि इससे पहले मनोज वर्मा निगम मुख्यालय में पत्रकारों से बदसलूकी करने के मामले में चर्चा में आ चुके है। इस संबंध में उनका पक्ष जानने कई बार काल किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रीसिव नहीं किया। वहीं बच्चे के पिता राधेश्याम चक्रधारी ने बाद में बात करने को कहकर फोन काट दिया।

पाठको की राय