Wednesday, October 21st, 2026

बीजापुर दौरे पर पहुंचे डिप्टी सीएम विजय शर्मा, नक्सली हमले में मृतकों के परिजनों से की मुलाकात

बीजापुर/बस्तर.

छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री व गृहमंत्री विजय शर्मा अपने एक दिवसीय प्रवास पर बीजापुर पहुंचे। यहां वे नक्सली हमले में मृतकों  के परिजनों से मिलकर उन्हें अपनी संवेदनाएं व्यक्त की। उनके साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव प्रभारी मंत्री केदार कश्यप व पवन साय भी पहुंचे थे। हेलीकॉप्टर से पहले जांगला पहुंचकर मृतक कैलाश नाग के परिजनों से मिलकर अपनी संवेदना व्यक्त कर इस दुख के घड़ी में ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने की प्रार्थना करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित किए।

इसके बाद बीजापुर स्थित स्वर्गीय तिरुपति कटला के घर पहुंचकर उन्हे श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उनके परिजनों से मिलकर संवेदना व्यक्त की। परिजनों ने घटना के बारे में विस्तृत जानकारी दी। इसी महीने में एक सप्ताह के भीतर दो लोगों की नक्सलियों द्वारा बेरहमी से हत्या कर दी गई थी।

इसमें एक मार्च को शादी समारोह में शामिल होने गए तिरुपति कटला की तोयनार में हत्या कर दी गई और छह मार्च को कैलाश नाग की हत्या कर तालाब निर्माण में लगे उनके जेसीबी वाहन को आग लगा दी गई। गृहमंत्री  विजय शर्मा ने नक्सलियों के इस कायराना हरकत की कड़ी निंदा कर बस्तर के विकास में नक्सल विचार धारा को सबसे बड़ी बाधक बताया। इस दौरान पूर्व वन मंत्री महेश गागड़ा, आईजी बस्तर रेंज सुंदरराज पी, कलेक्टर अनुराग पांडेय, पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र यादव, सीईओ जिला पंचायत हेमंत नरेश नंदनवार सहित अन्य जनप्रतिनिधी एवं जिला तथा पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, मीडिया प्रतिनिधि मौजूद रहे।

 

#Deputy CM Vijay Sharma Met

Source : Agency

पाठको की राय