Monday, October 26th, 2026

Apex Bank भर्ती में गड़बड़ी प्रबंध संचालक नीखरा के खिलाफ होगी विभागीय जांच

भोपाल

अपेक्स बैंक में 104 अधिकारियों की भर्ती प्रक्रिया में गड़बड़ी के मामले में तत्कालीन प्रभारी प्रबंध संचालक प्रदीप नीखरा के खिलाफ विभागीय जांच होगी। सहकारिता विभाग ने इसके आदेश दे दिए हैं। उन्हें भर्ती प्रक्रिया का पालन नहीं करने संबंधी आरोप पत्र जारी करते हुए 15 दिन में जवाब मांगा गया है। नीखरा 30 जून को सेवानिवृत्त हुए हैं।

अपेक्स बैंक में अधिकारियों की भर्ती में दो पदों के लिए दो उम्मीदवारों का चयन प्रारंंभिक परीक्षा के परिणामों के आधार पर मुख्य परीक्षा के लिए कर लिया गया था। इसी तरह कुछ अन्य पदों के लिए उतने ही व्यक्ति मिले, जितने पद थे। नियमानुसार ऐसी सूरत में परिणामों को निरस्त करके दोबारा परीक्षा करानी थी। बताया जा रहा है कि एक पद के लिए कम से कम पांच व्यक्तियों का चयन होना था ताकि व्यवस्था में पारदर्शिता रहे।

शिकायत के आधार पर आयुक्त कार्यालय से जांच कराई और उसकी रिपोर्ट पिछले दिनों शासन को सौंपी गई। इसके आधार पर नीखरा के खिलाफ विभागीय जांच करने का निर्णय लेते हुए आरोप पत्र जारी किया गया है। उपसचिव पर्वत सिंह ने बताया कि सेवानिवृत्त होने के पहले उन्हें आरोप पत्र दे दिया गया था। जवाब देने के लिए 15 दिन का समय दिया गया है। इसके आधार पर आगामी प्रक्रिया तय होगी। अभी मुख्य परीक्षा पर रोक है।

 

#Apex Bank

Source : Agency

पाठको की राय