डेंगू : 121 पॉजिटिव केस मिल चुके हैं, बीते साल सिर्फ आए थे 16 केस
ग्वालियर
ग्वालियर में कोरोना की रफ्तार थमी तो डेंगू का डर सताने लगा है। सबसे ज्यादा खतरा बच्चों को है। क्योंकि इस सीजन में अभी तक 121 डेंगू पॉजिटिव मिल चुके हैं। इनमें से 50 बच्चे हैं। सितंबर में डेंगू और भी खतरनाक हो गया है। 18 दिन में 85 डेंगू पॉजिटिव केस सामने आ चुके हैं, जबकि बीते वर्ष 2020 में सिर्फ 16 केस ही मिले थे।
उस समय कोविड ने कोहराम मचा रखा था। अस्पतालाें में बेड फुल हैं। स्वास्थ्य विभाग ने डेंगू की बीमारी पर अंकुश लगाने के लिए जागरूकता अभियान भी शुरू कर दिया है। हालांकि पिछले सालाें के मुकाबले इस बार बारिश कम हुई है, इससे जलभराव भी कम है, इसके बाद भी डेंगू मरीरों की संख्या बढ़ने से लाेग आश्चर्य चकित हैं। खुद मुख्यमंत्री के आवहान पर डेंगू संग जंग अभियान भी अफसरों और जनप्रतिनिधियों ने छेड़ा है। लोगों को अलर्ट किया जा रहा है।
दरअसल, जिले में करीब 4.70 लाख घर हैं और डोर-टू-डोर एंटी लार्वा अभियान के लिए मलेरिया विभाग के पास सिर्फ 27 कर्मचारी हैं। निगम क्षेत्र में 3 वार्ड पर एक कर्मचारी है, जबकि यहां पौने तीन लाख घर हैं। सरकार ने चार दिन पहले डेंगू से जंग-जनता के संग अभियान शुरू किया है, जबकि इसकी शुरूआत दाे माह पहले हो जाना चाहिए थी। अफसरों का दावा है कि जनवरी से अभी तक 2.90 लाख घरों सर्वे हुआ है। नगर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने कहा, घर में लार्वा मिलने पर जुर्माना वसूलेंगे। जबकि डेंगू मरीजों की संख्या 121 का आंकड़ा छू चुकी है। इसमें जिला मलेरिया विभाग एवं नगर निगम की लापरवाही भी उजागर हुई है, क्योंकि यदि डेंगू लार्वा सर्वे एवं फोगिंग के कार्य में गंभीरता बरती होती तो शायद शहर में यह हालात नहीं बने हाेते।
तेजी से फैल रहे डेंगू के कारण शहर की एक 13 साल की बच्ची की माैत हो चुकी है। इस बच्ची काे इलाज के लिए ग्वालियर से दिल्ली ले जाया गया था। इस बार डेंगू तो बढ़ा है, लेकिन गनीमत ये है कि बच्चों के प्लेटलेट्स तेजी से नहीं गिर रहे हैं। GRMC में पीडियाट्रिक के विभागाध्यक्ष डॉ. अजय गौड़ के मुताबिक अभी तक एक भी बच्चे काे केआरएच में प्लेटलेट्स नहीं चढ़ाने पड़े हैं।
शनिवार को 30 लोगांे की जांच रिपोर्ट डेंगू पॉजिटिव मिले हैं। इनमें से 15 डेंगू मरीज ग्वालियर के हैं। शेष 15 पड़ोसी जिलों के हैं। ग्वालियर के 15 केस में से 5 बच्चे हैं। शनिवार को डीडी नगर, शताब्दीपुरम, आदित्यपुरम, भगत सिंह नगर गोले का मंदिर, न्यू सरस्वती नगर, हजीरा, लक्ष्मी अपार्टमेंट, बस स्टैंड, देव नगर कॉलोनी नाका चंद्रबदनी, फूलबाग, लक्ष्मी नगर में डेंगू मिले हैं।

पाठको की राय