Tuesday, October 20th, 2026

चुनाव के बाद मानदेय में देरी : चार हजार मतदान कर्मियों को राशि दिलाने की मांग

कबीरधाम.

छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव के प्रथम चरण का मतदान सात नवंबर को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ था। कबीरधाम जिले में दो विधानसभा क्षेत्र है, जिसमें पंडरिया व कवर्धा शामिल हैं।  दोनों विधानसभा में करीब 800 मतदान केंद्र हैं। इन मतदान केंद्र पर काम करने वाले करीब चार हजार कर्मचारियों को अब तक 15 दिन बाद मानदेय राशि नही मिली है। इन लोगों का लगभग 30 लाख रुपये का भुगतान होना है। इस समस्या को  लेकर कर्मचारियों ने जल्द राशि जारी करने की मांग की है।

मानदेय भुगतान में हो रहे विलंब को दृष्टिगत रखते हुई छग टीचर्स एसोसिएशन के जिला प्रतिनिधिमंडल ने जिलाध्यक्ष रमेश कुमार चंद्रवंशी के नेतृत्व में निर्वाचन सुपरवाइजर संतोष चन्द्राकर से मुलाकात कर मतदान कार्य में संलग्न अधिकारियों के मानदेय भुगतान पर चर्चा की। चर्चा के दौरान एसोसिएशन को प्राप्त जानकारी के अनुसार, मतदान अधिकारियों का मानदेय 22 नवंबर बुधवार को बैंक में जमा कर दिया गया है। आज गुरुवार या कल शुक्रवार को संबंधित अधिकारियों के खाते में राशि चला जाएगी।
प्रत्येक मतदान केंद्रों में चार मतदान अधिकारियों की ड्यूटी लगायी गई थी। इनमें ज्यादातर शिक्षा विभाग के शिक्षक-शिक्षिकाएं हैं। पीठासीन अधिकारी को 1200 रुपये, मतदान अधिकारी-एक, दो व तीन में से प्रत्येक को 900- 900 मानदेय प्राप्त होगा।

 

#Discussion in the meeting

Source : Agency

पाठको की राय