CSK के लिए IPL 2022 खेलने की तैयारी कर रहे हैं दीपक चाहर, फिटनेस पर दिया अपडेट
नई दिल्ली
आईपीएल के 15वें सीजन को शुरू होने में अब कुछ ही दिन बचे हैं। लीग का पहला मुकाबला 26 मार्च को कोलकाता नाइट राइडर्स और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK vs KKR) के बीच वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। हालांकि, पहले कुछ मैचों में हम टीम के तेज गेंदबाज दीपक चाहर को मिस करने वाले हैं, क्योंकि वे चोटिल हैं और अभी बेंगलुरु स्थित नेशनल क्रिकेट एकेडमी यानी एनसीए में रिहैब की प्रक्रिया से गुजर रहे हैं। इस बीच उन्होंने अपनी फिटनेस को लेकर खुद ही सोमवार को अपडेट दिया है। सीएसके ने चाहर को आईपीएल नीलामी में 14 करोड़ रुपए की मोटी रकम खर्च कर अपनी टीम में शामिल किया था, लेकिन लीग के शुरू होने से पहले यह तेज गेंदबाज चोटिल हो गया था। मौजूदा वीडियो को देखा जाए और उसमें की हुई बातों पर गौर किया जाए तो स्पष्ट कहा जा सकता है कि दीपक चाहर पहले कुछ मैचों को मिस करने वाले हैं।
दरअसल, चेन्नई सुपर किंग्स के मैच प्रैक्टिस के दौरान दीपक चाहर ने सलामी बल्लेबाज ऋतुराज गायकवाड़ के साथ बातचीत के दौरान कहा कि उन्हें उम्मीद है कि वह जल्द टीम के साथ होंगे। चाहर इस समय बेंगलुरु में एनसीए में हैं जबकि चेन्नई की टीम सूरत में अपनी प्रैक्टिस कर रही है। चाहर ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि वह आने वाले कुछ समय में टीम के साथ होंगे। सीएसके ने दोनों खिलाड़ियों के बीच बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है।
51 सेकेंड के इस वीडियो में ऋतुराज पहले तो हिंदी में बात करते हैं। इसके बाद दीपक उन्हें इंग्लिश में बोलने के लिए कहते हैं। ऋतुराज पूछते हैं कि बेंगलुरु में आप कैसे हो, तो इस पर तेज गेंदबाज कहते हैं कि वह बढ़िया हैं और इस समय उनके यहां (बेंगलुरु) बारिश हो रही है। इसके बाद ऋतुराज कहते हैं कि वह भी चाहते हैं आप (दीपक चाहर) यहां हो। इस पर तेज गेंदबाज का जवाब आता है कि उम्मीद है ऐसा ही होगा और आगे आने वाले कुछ दिनों में जल्द मिलेंगे।

पाठको की राय