Saturday, October 24th, 2026

गर्ल्स हॉस्टल में जारी हुआ बुर्का पहनने का फरमान, छात्राएं बोली- शरिया कानून बर्दाश्त नहीं

भागलपुर
बिहार के भागलपुर में स्थित एक गर्ल्स हॉस्टल में अल्पसंख्यक समुदाय की लड़कियों के लिए बुर्का पहनने का फरमान जारी हुआ है। इसे लेकर उन्होंने हॉस्टल परिसर में काफी हंगामा किया। छात्राओं ने हॉस्टल सुप्रीटेंडेंट पर कैंपस के अंदर बुर्का पहनने का फरमान जारी करने पर नाराजगी जताई। इतना ही नहीं छात्राओं ने हॉस्टल के गेट पर भी पथराव किया। उनका कहना है कि शरिया कानून बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। एक छात्रा का कहना है कि हम जब भी पैंट पहनते हैं तो अधीक्षक छात्राओं को गाली देती हैं। वे हमारे माता-पिता को भी गलत जानकारी देती हैं कि हम लड़कों से बात करते हैं।

रिसर्च स्कॉलर छात्रा का कहना है कि बिहार में गर्मी के मौसम में बुर्का पहनना आसान नहीं है। इसी वजह से हम कभी-कभी परिसर के अंदर पैंट और टीशर्ट पहन लेती हैं। जब भी वह किसी छात्रा को पैंट में देखती हैं तो डांटती-फटकारती हैं। घटना की सूचना मिलने पर नाथ नगर की सर्कल ऑफिसर पुलिस टीम के साथ गर्ल्स हॉस्टल पहुंची और मामले को संभाला।वहीं हॉस्टल की अधीक्षक ने छात्राओं द्वारा उनके ऊपर लगाए आरोपों से मना किया है। यह मामला अब जिला शिक्षा अधिकारी तक भी पहुंच चुका है। सर्कल ऑफिसर ने बताया कि हमने छात्राओं और अधीक्षक के बयान ले लिए हैं। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। हम जल्द जिला शिक्षा अधिकारी को रिपोर्ट सौंपेंगे।
 

 

#burqa

Source : Agency

पाठको की राय