Tuesday, October 20th, 2026

पुलिस कस्टडी में मौत :मानवाधिकार आयोग ने लिया संज्ञान, 3 सप्ताह में जवाब माँगा

खंडवा

पुलिस कस्टडी में बाइक चोरी के आरोपी किशन की मौत के मामले में मानव अधिकार आयोग ने संज्ञान लिया है। आयोग अध्यक्ष न्यायमूर्ति नरेंद्र जैन ने डीजीपी व खंडवा एसपी से 3 सप्ताह में जवाब मांगा है। पुलिस ने मौत का कारण सांस लेने में तकलीफ बताया, तो एफएसएल व पीएम करने वाले डाॅक्टरों की टीम ने गला घोंटकर मारने की आशंका जताई है। वहीं, परिजनों ने पुलिस द्वारा किशन को पीट-पीटकर हत्या का आरोप लगाया है।

सोमवार देर रात मांधाता थाने में बाइक चोरी के आरोपी किशन (27) पिता जियालाल मानकर की पुलिस हिरासत में संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी। इधर, मांधाता थाने के सीसीटीवी में टीआई व कॉन्स्टेबल अचेत पड़े मृतक किशन को उठाकर ले जाते दिख रहे हैं, लेकिन गला दबाने या दम घुटने जैसे फुटेज पुलिस के पास नहीं हैं। अब पुलिस को पीएम रिपोर्ट का इंतजार है। इसमें मौत के असल कारण का पता चलेगा। पुलिस के अनुसार मामले में बुधवार को मजिस्ट्रियल टीम ने बयान के लिए मृतक किशन के परिजन को नोटिस भेजे हैं। गुरुवार को थाना स्टाफ के भी बयान लिए जाएंगे।


मजिस्ट्रियल जांच शुरू

पुनासा एसडीएम चंदरसिंह सोलंकी ने बताया, मामले में प्राथमिक रूप से मजिस्ट्रियल जांच शुरू हो गई है। किन बिंदुओं पर जांच होगी यह पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा। फिलहाल टीम परिजनों व थाना स्टाफ के बयान लेगी उसके बाद आगे की जांच होगी।

 

#पुलिस कस्टडी

Source : Agency

पाठको की राय