Wednesday, October 21st, 2026

दर्शक स्टैंड में बैठकर डेविड वॉर्नर ने किया अपनी टीम को सपोर्ट

नई दिल्ली
दुबई में इस समय सनराइजर्स हैदराबाद और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच आईपीएल 2021 का 49वां मैच जारी है। इस मैच में हैदराबाद के कप्तान केन विलियमसन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। हैदराबाद की प्लेइंग इलेवन में एक बार फिर टीम के पूर्व कप्तान और सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर को नहीं चुना गया। हालांकि वॉर्नर टीम में शामिल न होने पर दर्शक स्टैंड में बैठकर अपनी टीम को सपोर्ट करते नजर आए। यह वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। वीडियो के अलावा इसकी तस्वीरें वॉर्नर ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर भी की हैं। बता दें कि वॉर्नर का प्रदर्शन आईपीएल 2021 में काफी खराब रहा है। उन्होंने इस सीजन 8 मैचों में महज 107.73 के स्ट्राइक रेट से 195 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से सिर्फ दो अर्धशतकीय पारी देखने को मिली है। खराब प्रदर्शन की वजह से उनसे इस साल टीम की कप्तानी छीन ली गई थी और उनकी जगह न्यूजीलैंड के केन विलियमसन को कप्तान बनाया गया था।

हालांकि कप्तान बदलने से टीम की किस्मत नहीं बदली और टीम का खराब प्रदर्शन अब भी जारी है। प्लेऑफ की दौड़ से पहले ही बाहर हो चुकी हैदराबाद ने रविवार को कोलकाता के खिलाफ 20 ओवर में आठ विकेट के नुकसान पर 115 रनों का मामूली स्कोर बनाया। टीम के कप्तान केन विलियम्सन ने 21 गेंदों में चार चौकों के सहारे 26 रनों की सर्वाधिक पारी खेली। उनके अलावा अब्दुल समद ने 18 गेंदों में तीन छक्कों की मदद से 25 रन बनाए।
 

 

#David Warner

Source : Agency

पाठको की राय